Wednesday, May 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब ईवीएम पर शक करने की गुंजाइश नहीं, वीवीपैट लगाना भरोसा जगाने...

अब ईवीएम पर शक करने की गुंजाइश नहीं, वीवीपैट लगाना भरोसा जगाने का कदम

मीरजापुर (हि.स.)। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित और भरोसेमंद है। इसके साथ किसी तरह छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। हर ईवीएम के साथ एक वीवीपैट (वोटर वैरिफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीन है। इससे चुनाव में गड़बड़ी को लेकर शक करने की गुंजाइश नहीं है।

वीवीपैट यानी वोटर वैरिफायबल पेपर आडिट ट्रेल एक प्रिंटर मशीन है, जो ईवीएम की बैलेट यूनिट से जुड़ी होती है। यह मशीन बैलेट यूनिट के साथ उस कक्ष में रखी जाती है, जहां मतदाता गुप्त मतदान करने जाते हैं। वोटिंग के समय वीवीपैट से एक पर्ची निकलती है। इसमें उस पार्टी और उम्मीदवार की जानकारी होती है, जिसे मतदाता ने वोट डाला। वोटिंग के लिए ईवीएम का बटन दबाने के साथ वीवीपैट पर एक पारदर्शी खिड़की के जरिए मतदाता को पता चल जाता है कि उसका वोट संबंधित उम्मीदवार को चला गया है। मतगणना के वक्त अगर कोई विवाद हो तो वीवीपैट बाक्स की पर्चियां गिनकर ईवीएम के नतीजों से मिलान किया जा सकता है। वीवीपैट से न केवल मतदाता को अपने वोट के सही उम्मीदवार को जानने की तसल्ली होगी, बल्कि विवाद होने पर वोटिंग का पेपर ट्रेल भी उपलब्ध रहेगा। इस तरह से ईवीएम को लेकर उठाए जा रहे सवालों को पूरी तरह हल किया जा सकता है।

छेड़छाड़ होने पर काम करना बंद कर देती हैं ईवीएम

साइबर एक्सपर्ट दीपक कुमार ने बताया कि नई वोटिंग मशीनें तकनीकी रूप से ज्यादा उन्नत है। उनके साथ छेड़छाड़ होने पर काम करना बंद कर देती हैं। नई मशीनों में ऐसी तकनीक है जिससे वे आपस में असली और नकली ईवीएम की पहचान कर सकते हैं। नई मशीनें एक-दूसरे से एक नेटवर्क के जरिए जुड़ी हुई है। किसी अनधिकृत निर्माता द्वारा निर्मित मशीन इस नेटवर्क से नहीं जुड़ पाएगी। नई एम तीन वोटिंग मशीनें पुरानी एम दो मशीनों से ज्यादा तकनीक कौशल है, लेकिन प्रयोग करने में उनकी तरह ही आसान और सहज है। एम तीन वोटिंग मशीनें एक साथ नोटा समेत 384 उम्मीदवारों के नाम डिस्प्ले कर सकती हैं। एक बैलेटिंग यूनिट में 24 नई मशीनें एक-दूसरे से जुड़ी होती है। जबकि एम दो मशीनों में उम्मीदवारों की संख्या 64 और एक बैलेटिंग यूनिट में जुड़ने वाली कुल मशीनों की संख्या चार होती थी।

बटन दबाते ही स्वत: लॉक हो जाती है ईवीएम

ईवीएम साधारण सी दिखने वाली एक मशीन है। इसकी सहायता से बटन दबाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देते हैं। इस मशीन में चुनाव में खड़े हर उम्मीदवार के नाम और उसकी पार्टी के चुनाव चिन्ह का एक बटन होता है। ईवीएम मशीन की दो इकाइयां होती हैं। एक नियंत्रण इकाई, जो मतदान अधिकारी के पास होती है और दूसरा मतदान इकाई जिसमें मतदाता अपना मत डालता है। सबसे पहले मतदान अधिकारी नियंत्रण इकाई को सक्रिय करता है ताकि मतदाता अपना वोट मतदान इकाई में डाल सके। जैसे ही मतदाता अपने उम्मीदवार के लिए मतदान इकाई वाली ईवीएम मशीन का बटन दबाते हैं, मशीन स्वत: लॉक हो जाती है।

गिरजा शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular