रामायण विश्व महाकोश के प्रथम खंड का लोकार्पण शनिवार को

-दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ करेंगे मुख्यमंत्री योगी 

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को राजधानी लखनऊ में रामायण विश्व महाकोश के प्रथम संस्करण का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर रामायण विश्व महाकोश पर आयोजित हो रही दो दिवसीय कार्यशाला का भी वह उद्घाटन करेंगे। 
प्रदेश के संस्कृति, पयर्टन एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को यहां बताया कि गोमती नगर स्थित संगीत नाटक एकेडमी के प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यशाला में उप्र, असम, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दिल्ली समेत कई राज्यों और दूसरे देशों से 70 विद्वान भागीदारी करेंगे। कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय के अपर सचिव डॉ. अखिलेख मिश्र और कई विश्वविद्यालयों के कुलपति भी उपस्थित रहेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार का संस्कृति विभाग विदेश मंत्रालय के सहयोग से दुनिया के विभिन्न देशों से रामायण की मूर्त व अमूर्त विरासत को संजोकर रामायण विश्व महाकोश तैयार करने की परियोजना में जुटा हुआ है। इस महाकोश को 200 खंडों में प्रकाशित करने की योजना है। इसके लिए संस्कृति विभाग के अयोध्या शोध संस्थान ने देश और दुनिया भर के विद्वानों को लेकर संपादक मंडल और सलाहकार मंडल का गठन किया है।
रामायण विश्व महाकोश का प्रथम खंड प्रकाशित हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को इसका लोकार्पण करेंगे। विश्व महाकोश के प्रथम खंड की डिजाइन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर ने तैयार किया है।  

error: Content is protected !!