संवाददाता
Gonda News: जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना ग्राम भानपुर और बनगवॉ के बीच हुई, जहां एक अनियंत्रित बोलेरो ने सामने से आ रही मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान विकास कुमार वर्मा (22) पुत्र ग्राम इजदीपुर, थाना छपिया, जिला गोंडा निवासी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विकास अपनी बाइक से घरेलू सामान लेने गौरा चौकी बाजार की ओर जा रहा था कि शाम 5:45 बजे के करीब बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी राम अशीष मौर्य ने घटना की पुष्टि की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आधी रात घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़, FIR दर्ज
Gonda News: जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र से किशोरी से छेड़छाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी रात दो युवक गांव की एक किशोरी के घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के पिता ने बताया कि वीरपुर भोज निवासी अजय व स्वामीनाथ रात के समय उनके घर में दाखिल हो गए और बेटी के साथ अश्लील हरकतें करने लगे।
किशोरी के शोर मचाने पर दोनों युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अजय और स्वामीनाथ के खिलाफ छेड़छाड़ और अनाधिकृत प्रवेश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना खरगूपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश है।
यह भी पढें: भारत के नेशनल पार्क मानसून में क्यों हो जाते हैं बंद?
चीनी मिल में मजदूर की दर्दनाक मौत
Gonda News: जिले के मनकापुर चीनी मिल दतौली में एक मजदूर सुभाष बरवार (40) की जान चली गई। वह चीनी की बोरियों के नीचे दबने से मौत के शिकार हो गए। साथी मजदूरों के अनुसार, रात करीब 2 बजे बारिश के दौरान बोरियों को तिरपाल से ढकने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान बोरियां खिसक गईं और सुभाष उसके नीचे दब गए।
सुबह तक जब वे दिखाई नहीं दिए तो खोजबीन की गई और अंततः उनका शव बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन ने उन्हें बिना सूचित किए ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन की चुप्पी पर स्थानीय निवासियों में रोष है। लोग परिवार को आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
तरबगंज SDM का तबादला
Gonda News: जिले की तरबगंज तहसील में तैनात एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब बरेली भेजा गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा के विशेष कार्याधिकारी जितेंद्र गौतम को तरबगंज का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि राजीव मोहन सक्सेना पहले मनकापुर में एसडीएम थे, लेकिन वहां वकीलों के विरोध के बाद उन्हें हटाकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया था। इसके बाद करीब तीन महीने पहले उन्हें तरबगंज एसडीएम नियुक्त किया गया था।
तरबगंज में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मां बाराही देवी मंदिर से अवैध अतिक्रमण हटवाने सहित कई उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर अवैध रूप से बने मदरसे को भी हटवाया, जिसकी सराहना की गई।
यह भी पढें: यमुनोत्री में Landslide! श्रद्धालु मलबे में दबे, रेस्क्यू में जुटी SDRF