UP News : स्मृति ईरानी ने अमेठी में मंदिरों में जाकर किया देवी दर्शन

रायबरेली (हि. स.)। नवरात्रि में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने संसदीय क्षेत्र में मंदिरों में जाकर देवी के दर्शन किये और आशीर्वाद लिया। वह मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर हैं।
स्मृति ईरानी सलोन में विकास कार्यों की समीक्षा के बाद सीधे गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यहां वह प्रसिद्ध दुर्गान धाम पहुंची और मत्था टेका। उन्होंने देवी का पूजन किया और क्षेत्र की उन्नति के लिए आशीर्वाद की कामना की। मंदिर में उन्हें पुजारी द्वारा प्रसाद के रूप में  भेंट स्वरूप चुनरी भी दी गई। मंदिर में पूजन करने के बाद वह सड़क दुर्घटना में घायल गौरीगंज मंडल अध्यक्ष संतोष द्विवेदी के घर उनका हालचाल लेने पहुंची। इसके बाद उन्होंने संग्रामपुर के कालिकन धाम में भी दर्शन किया।
स्मृति ईरानी गौरीगंज के कलेक्ट्रेट में विकास कार्यक्रमों की प्रगति का भी जायजा लेंगी। वह तिलोई में भाजपा नेता भगीरथ मौर्य के भी घर जाकर शोक सांत्वना व्यक्त करने जाएंगी। इसके पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सलोन में पत्रकारों से कहा था कि रायबरेली और अमेठी एक राजनीतिक पार्टी के मुखिया के परिवार का राजनीतिक केंद्र रहा है। बावजूद इसके यहां के विकास कार्य लंबित रहे हैं। अब उन्हें संतोष है कि वह इस क्षेत्र में विकास को गति दे रही हैं। 12 आंगनबाड़ी केन्द्रों का बनना यह साबित करता है कि यह क्षेत्र लगातार उपेक्षित रहा है।

error: Content is protected !!