UP News : विहिप के राष्ट्रीय समन्वय समिति प्रमुख बालकृष्ण नाइक का कुशीनगर में निधन

कुशीनगर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय समन्वय समिति प्रमुख एवं परिषद के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बालकृष्ण नायक का बुधवार की रात कुशीनगर में निधन हो गया। सुबह उन्होंने लोगों से बातचीत में कुशीनगर में देह त्याग व भगवान बुद्ध के दर्शन की अंतिम इच्छा जताई थी। 
देह त्याग के पूर्व उन्होंने महापरिनिर्वाण मन्दिर में बुद्ध प्रतिमा के दर्शन पूजन किया था। वह महाराष्ट्र के मुंबई से बुधवार अल सुबह कुशीनगर पहुंचे थे। शाम सात बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी तो विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर चिकित्सक ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां जाते समय रास्ते में उनका निधन हो गया। रात में ही अंतिम संस्कार के लिए उनका शव औरंगाबाद (महाराष्ट्र) ले जाया गया।
 उनके निधन पर कुशीनगर बौद्ध भिक्षु संघ के अध्यक्ष भदन्त ज्ञानेश्वर, सांसद विजय दुबे, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, आरएसएस के बौद्धिक प्रमुख सुरेश गुप्त, विहिप नेता धर्मेंद्र ओझा, संस्कार भारती प्रमुख डॉ.अनिल सिन्हा, हियुवा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा आदि ने दुःख जताया है। नेताद्वय ने हिन्दू समाज व देश की अपूरणीय क्षति बताया है। 
अंतिम इच्छा काशी और मथुरा भी हिंदुओं को सौंपे जाएं
दिवंगत विहिप के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व वर्तमान राष्ट्रीय समन्वय समिति प्रमुख की अंतिम इच्छा काशी व मथुरा का विवाद समाप्त कर स्थल को पूरी तरह हिंदुओं को सौंपे जाने की इच्छा व्यक्त की थी। निधन के पूर्व उन्होंने बातचीत में यह बात कही थी। काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या का श्री राम जन्मभूमि और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि को प्राप्त करना विश्व हिंदू परिषद के एजेंडे में रहा है। लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि हमें प्राप्त हुआ है। वहां भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। इसके बाद अब काशी का विश्वनाथ मंदिर और मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि प्राप्त करना हमारा लक्ष्य है। केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद हिंदू समाज में आत्मविश्वास बढ़ा है। समाज को सम्मान मिल रहा है। समाज का यह दायित्व है कि इस सरकार को लंबे समय तक बनाए रखे। केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद हमारे भीतर शक्ति जागृत हुई है।
 

error: Content is protected !!