Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मेडिकल कालेज में सीनियर चिकित्सकों ने जूनियर चिकित्सक...

UP News : मेडिकल कालेज में सीनियर चिकित्सकों ने जूनियर चिकित्सक पर ढाया कहर

– कक्ष में बुलाकर मारा-पीटा, फिर बनाया मुर्गा
– तीन सप्ताह पूर्व हुई घटना पर कुण्डली मारे बैठी पुलिस व मेडिकल कालेज प्रशासन

अम्बेडकरनगर (हि.स.)। जिले में स्थित महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कालेज अपने ही चिकित्सकों की घिनौनी करतूत के कारण एक बार फिर चर्चा के केन्द्र में आ गया है। मेडिकल कालेज में काकस बना चुके कुछ वरिष्ठ चिकित्सकों के समुह ने एक जूनियर चिकित्सक के साथ जो कृत्य किया उससे मेडिकल कालेज शर्मसार हो गया है। इसके बावजूद तत्कालीन प्राचार्य डाॅ0 पीके सिंह ने इस गम्भीर मामले पर कोई कार्यवाही करने के बजाय डाॅ0 मौर्या के नेतृत्व में एक समिति का गठन कर उससे पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट मांगी थी। 

हैरत इस बात को लेकर है कि लगभग एक माह बीतने को है लेकिन इस कमेटी ने अभी तक अपनी रिपोर्ट प्राचार्य को नही सौंपी है। वहीं दूसरी तरफ पीड़ित चिकित्सक ने अलीगंज थाने तथा पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की गुहार लगाई है लेकिन पुलिस भी अभी तक कुण्डली मारकर बैठी हुई है। 
मामले की शुरूआत 18 दिसम्बर को अपरान्ह चार बजे हुई। मऊ का रहने वाला डाॅ0 शैलेन्द्र मेडिकल कालेज के सर्जरी विभाग में जूनियर रेजीडेण्ट के पद पर कार्यरत है। कालेज के एनाटामी विभाग में मौजूद डाॅ0 जहीर विभागाध्यक्ष सर्जरी ने फोन कर डाॅ0 शैलेन्द्र को वहां बुलाया। जब शैलेन्द्र वहां पंहुचा तो वहां डाॅ0 आशीष यादव, डाॅ0 भारती यादव, डाॅ0 वीरेन्द्र, डाॅ0 प्रमोद कुमार यादव, डाॅ0 उजम कौसर, डा0 जहीर अहमद, डाॅ0 राजेश कुमार, डाॅ0 ज्योति रावत आदि लोग मौजूद थे। डाॅ0 शैलेन्द्र के अनुसार वह जैसे ही कमरे में पंहुचा डाॅ0 आशीष ने उसे मां-बाप की भद्दी-भद्दी गालियां दी तथा जोरदार चाटा मारा। इसके बाद उसे लगभग आधे घण्टे तक मुर्गा बनाकर रखा गया। 
बाद में उसे पूरी घटना को कहीं बताने पर फर्जी केस में फंसाने तथा कालेज से बाहर निकालने की धमकी दी गई। इन चिकित्सकों का मन इतने से भी नही भरा। जब डाॅ0 शैलेन्द्र अपने कमरे में था उसी समय रात लगभग दो बजे डाॅ0 अनिल कुमार व अरविन्द आदि लोगों नें फोन पर धमकी देते हुए डाॅ0 आशीष यादव के कुछ इंटर्न छात्रों, कुछ जेआर छात्रों तथा डाॅ0 धनंनजय यादव आदि को उकसा कर नीचे खड़ी उसकी मोटर साइकिल को भी तोड़ डाला। डरे सहमे डाॅ0 शैलेन्द्र ने इसकी मौखिक शिकायत मेडिकल कालेज के चौकी प्रभारी से की तथा थानाध्यक्ष व पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की भी मांग की लेकिन न तो पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही की और न ही कालेज प्रशासन ने।
इस सम्बन्ध में जब मौजूदा प्राचार्य डाॅ0 संदीप कौशिक ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और जो भी इस कृत्य के लिए जिम्मेदार होंगे। उनके विरूद्ध कालेज प्रशासन अवश्य कार्यवाही करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व प्राचार्य ने जो जांच समिति बनाई थी। उससे भी शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा गया है। 
Submitted By: Edited By: Upendra Nath Rai

RELATED ARTICLES

Most Popular