Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : बालू के ढेर में पैर रखते ही गंगा में...

UP News : बालू के ढेर में पैर रखते ही गंगा में समा गया किसान, तलाश में जुटे गोताखोर

नदी के पार नाव से मजदूरों को छोड़कर गांव की ओर आने में हुआ हादसा
कानपुर(हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक किसान युवक गुरुवार को नाव से मजदूरों को नदी के दूसरी छोर छोड़ने गया था। मजदूरों को छोड़ने के बाद वापस अपने गांव की ओर आने पर जैसे ही नाव को किनारे लगाया और नदी किनारे बालू के ढेर में पैर रखा तो बालू का ढेर भरभराकर गिर गया। हादसे में किसान युवक गंगा नदी में समा गया और ग्रामीण से लेकर गोताखोर किसान युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। 
नरायनपुर गांव निवासी गंगा प्रसाद पासवान गंगा की रेती में खेती करके परिवार का भरण पोषण करता है। इस कार्य में उसका 20 वर्षीय बेटा शैलेन्द्र भी हांथ बटाता था और गुरुवार को नदी के दूसरी छोर रेती में काम करने के लिए मजदूरों को नाव से छोड़ने गया था। मजदूरों को छोड़ने के बाद किसान युवक फिर से नाव लेकर गांव की ओर आ रहा था और नाव को गंगा के किनारे पर लगाया। नाव किनारे पर लगते ही जैसे ही वह बालू के ढेर पर पैर रखा तो बालू का ढेर भरभराकर गंगा नदी में गिर गया और किसान युवक नदी में समा गया। हादसा देख आस—पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक किसान युवक नदी में डूब चुका था। गांव में परिजनों को जानकारी होते ही बदहवास हो गये और ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में जाल डालकर शैलेन्द्र की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस को भी दी और सूचना पर महाराजपुर थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बलुई मिट्टी का ढेर धसने से युवक के डूबने की जानकारी हुई है, पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। बताते चलें कि गंगा नदी का बहाव तेज होता है और तेज बहाव से गंगा किनारे की बलुई मिट्टी अंदर—अंदर कट जाती है। अंदर से कटाव होने से  अक्सर बलुई मिट्टी के ढेर नदी में गिरते रहते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular