UP News : परिवहन मंत्री ने किया मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण

मेरठ (हि.स.)। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस वे का वर्चुअल लोकार्पण किया। परिवहन मंत्री ने मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल के 38 किलोमीटर लंबे मेरठ-गढ़ मार्ग को चार लेन बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए जल्दी अवार्ड करने की घोषणा की।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री ने यूपी की कई सड़कों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मेरठ एनआईसी में सांसद राजेंद्र अग्रवाल की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री ने मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस वे एनएच 235 का लोकार्पण किया। 
 उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तसवीर बदल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी तेजी से बदल रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे जनवरी 2021 तक पूरा हो जाएगा और फरवरी-मार्च में उसका लोकार्पण प्रस्तावित है। इससे दिल्ली से मेरठ की दूरी सड़क मार्ग से 50 मिनट में पूरी होगी। अभी मेरठ से दिल्ली पहुंचने में चार घंटे लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे भी बनाया जा रहा है। 
2408 करोड़ से पूरा हुआ मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस-वे
मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस-वे एनएच 235 की लंबाई 61 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर 2408 करोड़ रुपए खर्च हुए। मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेस-वे बन जाने से यह दूरी 40 मिनट की हो गई है। जबकि पहले इसमें दो घंटे लगते थे। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि देश व प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ रहा है। यूपी तेजी से विकसित हो रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे, मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, आरआरटीएस आदि विभिन्न परियोजनाओं के पूर्ण होने से मेरठ की तस्वीर ही बदल जाएगी। इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा और मेरठ के विकास को गति मिलेगी।

error: Content is protected !!