Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : दिव्यांग गर्भवती ने पीएचसी के सामने सड़क पर बच्चे...

UP News : दिव्यांग गर्भवती ने पीएचसी के सामने सड़क पर बच्चे को दिया जन्म

महिला चिकित्सक ने दिव्यांग गर्भवती महिला को प्रसव हेतु किया था जिला महिला अस्पताल रेफर

मीरजापुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के मटिहरा गांव निवासी दिव्यांग गर्भवती इसरावती 40 को गुरुवार को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन एंबुलेंस सेवा से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया लेकर आए, जहां महिला चिकित्सक ने दिव्यांग गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रसव के लिए जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। गर्भवती महिला जैसे ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के गेट से 50 मीटर बाहर आई तभी तेजी से प्रसव पीड़ा होनी शुरू हो गई और सड़क किनारे नवजात को जन्म दे दिया। 
जानकारी होने पर आनन-फानन में स्वास्थ्यकर्मियों ने जच्चा-बच्चा दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के महिला वार्ड में भर्ती करवाया। प्रसूता की सास सुभागी देवी ने बताया कि बहू को प्रसव पीड़ा होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में ही प्रसव करवाने के लिए लाए थे लेकिन महिला चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। घर से मीरजापुर जाने के लिए तैयारी नहीं थी, न ही पास में पैसे थे। इसलिए मीरजापुर नही जाकर घर वापस जा रहे थे। अस्पताल के बाहर आने पर बहू को तेज़ प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और सड़क किनारे बेटे को जन्म दिया। 
इस संबंध में महिला चिकित्सक निर्मल ने बताया कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे दिव्यांग गर्भवती महिला प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आई थी। उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। एनिमिक तथा शारीरिक कमजोरी को देखते हुए बेहतर प्रसव के लिए जिला महिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया था और जाने के लिए एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध करवाया गया था, लेकिन परिजन नहीं ले गए। जानकारी होने पर जच्चा-बच्चा दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया है।  

RELATED ARTICLES

Most Popular