UP News: दशहरा पर्व से सत्य के मार्ग का अनुसरण करते हुए बुराई से दूर रहने की लें प्रेरणा : आनंदीबेन

-अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है पर्व: योगी आदित्यनाथ
-राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विजयादशमी पर्व की दी बधाई 
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके मंगलमय एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।
राज्यपाल ने अपने बधाई सन्देश में कहा है कि बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व ‘विजयादशमी’ का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। हमें इससे प्रेरणा लेनी चाहिए कि सत्य के मार्ग का अनुसरण करते हुए बुराई से दूर रहें। राज्यपाल ने अपील की है कि सभी लोग आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे के वातावरण में पर्व मनायें।
श्रीमती पटेल ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि सभी लोग कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में सामूहिक आयोजन एवं भीड़भाड़ से बचें तथा सामाजिक दूरी बनाते हुए मास्क का प्रयोग अवश्य करें। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम ने रावण का संहार किया था। सम्पूर्ण भारत में यह पर्व परम्परागत श्रद्धाभाव एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम सत्य, मर्यादा, न्याय, शांति, परोपकार और लोक कल्याण हेतु समर्पित थे। नैतिक, मानवीय और सामाजिक मूल्यों के प्रतीक मर्यादा परुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन सद्मार्ग पर चलने एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। विजयादशमी का पर्व हमें आशा, उत्साह और ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देता है।
विजयादशमी के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने आतंक, अन्याय एवं अधर्म के पर्याय रावण पर विजय प्राप्त की थी। विजयादशमी शक्ति उपासना का उत्सव है। नवरात्रि के नौ दिन जगदम्बा की उपासना करके भक्तों में शक्ति का संचार होता है। भगवान राम के समय से यह दिन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकाॅल तथा दो गज की दूरी का पूर्ण पालन करने की अपील की है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि यह त्यौहार हमें सत्य, धर्म व सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा है कि इस पुनीत अवसर पर हम सब देशवासी व प्रदेशवासी मानवीय मूल्यों की रक्षा व समाज सेवा का संकल्प लें। उन्होंने देश व प्रदेश वासियों से अपील की है कि दशहरा के पावन पर्व को कोविड-19 के प्रोटोकॉल व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुये मनाए।

error: Content is protected !!