Monday, August 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : जिस जगन्नाथ गली में प्रधानमंत्री मोदी ने लगाया था...

UP News : जिस जगन्नाथ गली में प्रधानमंत्री मोदी ने लगाया था झाडू, गंदगी देख युवा आगे आये

वाराणसी (हि.स.)। अस्सी स्थित जिस जगन्नाथ गली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में झाड़ू लगाकर देशवासियों को स्वच्छता अभियान का संदेश दिया था। उस गली की बदहाली और गंदगी देख रविवार को क्षेत्रीय युवा साफ-सफाई में जुट गये। 
सामाजिक कार्यकर्ता पत्रकार रामयश मिश्र ने इसकी शुरूआत की। गली में एकला चलो मंत्र को आत्मसात कर सफाई कार्य में जुटे सामाजिक कार्यकर्ता को देख ​गली में ही रहने वाले गणेश नारायण तिवारी और उनके दोनों पुत्र विशाल तिवारी और छोटू तिवारी भी झाड़ू और फावड़ा लेकर स्वच्छता अभियान में डट गये। चारों लोगों के सामाजिक कार्य को देख भाजपा महामना मंडल के अध्यक्ष जगन्नाथ ओझा भी फावड़ा उठा गली में सफाई अभियान में डट गये। और इस कार्य में लगे युवाओं का जमकर उत्साह वर्धन किया। 

रामयश मिश्र ने बताया कि वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी के अपने दूसरे दौरे में इसी गली में झाड़ू लगाकर पूरे देश को स्वच्छता अभियान का संदेश दिया था। हम लोगों ने भी उन्हीं से प्रेरणा लेकर अपनी गली की सफाई खुद करने का बीड़ा उठाया। हम लोग कब तक नगर निगम प्रशासन से हाथ जोड़ते रहेंगे, उनके पास भी संसाधन की कमी है। यहीं, सब सोचकर हम लोगों ने खुद सफाई अभियान शुरू किया है। तय किया गया है कि हर रविवार को अपनी गली की सफाई हम लोग करेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पूर्व इस गली का फोटो और वीडियो नगर आयुक्त के व्हाट्सएप पर डालने के बाद यहां से कुछ कूड़ा उठा था। लेकिन अभी भी कूड़ा करकट और मलबा पड़ा हुआ है। एक बार फिर हम सोशल मीडिया के माध्यम से नगर आयुक्त से निवेदन करते हैं इस गली की भी सुध ले। हम क्षेत्रीय लोग उनके सहयोग के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार हैं। वह सिर्फ नगर निगम का ट्रैक्टर और कुछ सफाई कर्मचारी भेज दें । बाकी काम हम मोहल्ले के लोग कर लेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular