UP News : किसान आन्दोलन वापस लें, कांग्रेस कर रही भ्रमित : केशव प्रसाद

लखनऊ (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कृषि कानूनों के विरोध में किसानों से अपना आन्दोलन वापस लेने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर किसानों को भ्रमित करने का आरोप लगाया है।

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने शनिवार को कहा कि कृपया किसान इस आन्दोलन को वापस लें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए काम किया है। कांग्रेस किसानों को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए हमेशा किसानों का शोषण किया।
कृषि कानूनों के विरोध के चलते किसानों का आन्दोलन उग्र होता जा रहा है। दिल्ली पहुंचे किसानों ने कहा है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो वह दिल्ली का मेन हाईवे जाम करके आवाजाही पूरी तरह से बंद कर देंगे। अलग-अलग राज्यों से दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचे किसानों को रोकने के लिए उन पर पानी की बौछारें, आंसू गैस और कुछ जगहों पर लाठियां भी भांजी गईं, लेकिन वह पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। 
वहीं भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत की अगुवाई में किसानों का काफिला दिल्‍ली के लिए रवाना हो गया। शुक्रवार रात मोदीपुरम के सिवाया टोल प्लाजा के पास एक निजी कालेज में रुकने के बाद शनिवार सुबह यह दल दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इससे पहले राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार को किसानों की दिक्‍कत समझनी होगी। तभी कोई बातचीत हो सकेगी। भाकियू ने आह्वान किया है कि बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ दिल्ली कूच के इस आन्दोलन में शामिल हो। 

error: Content is protected !!