UP News : किसानों को सब्जबाग दिखाकर भाजपा सरकार कर रही उत्पीड़न : कांग्रेस

— कांग्रेसियों ने धरना देकर किसानों के हित में पांच सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

कानपुर (हि.स.)। केन्द्र सरकार किसान अध्यादेश लाकर जहां किसानों के हितों की बातें कर रही है तो वहीं कांग्रेस इसका बराबर विरोध कर रही है। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा सरकार किसानों को सब्जबाग दिखाकर उनका उत्पीड़न करने में आमदा है। इसी को लेकर आज कांग्रेसियों ने धरना देकर किसानों के हित में पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा। कांग्रेसियों ने मांग की कि धान क्रय केन्द्रों पर किसानों का उत्पीड़न बंद किया जाये। 

किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को डॉ मुरारी लाल रोहतगी प्रतिमा बड़ा चौराहे पर धरना दिया। कांग्रेसियों ने केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि किसानों को सब्जबाग दिखा कर बड़ी बड़ी बात करने वाली सरकार का दोहरा चरित्र उजागर हो रहा है और धन क्रय केंद्रों पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर न केवल किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है, बल्कि धान में नमी के नाम पर उनका शोषण किया जा रहा है। आगे कहा कि आज पूरे प्रदेश का किसान उत्पीड़न से त्रस्त है और योगी सरकार के अधिकारी एवं कर्मचारी भ्र्ष्टाचार में लिप्त उगाही में लगे हैं। कांग्रेस किसानों के हितों के लिए संघर्ष कर उन्हें न्याय दिलाने का काम करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथो में तख्तियां लेकर किसान विरोधी सरकार के खिलाफ जमकर नारे करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि मामले को लेकर राज्यपाल हस्तक्षेप करें और किसानों को धान खरीद में एम एस पी का भुगतान हो, धान क्रय केंद्र अबिलम्ब खोले जाएं, नमी के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बन्द हो, गन्ना किसानों के बकाये का अबिलम्ब भुगतान, नल कूपो में बिजली मूल्य बृद्धि वापस ली जाये। इस दौरान विधायक सोहिल अंसारी, शंकरदत्त मिश्र, अब्दुल मन्नान, निज़ाममुद्दीन खां,राजू कश्यप, राजेन्द्र बाल्मीकि, मनोज गुप्ता, राजेन्द्र सिंह टिल्लू, संतोष गुप्ता, विकास सोनकर, अफजाल चौधरी आदि मौजूद रहें।

error: Content is protected !!