प्रयागराज(हि.स.)। सोरांव थाना क्षेत्र के पुराना फाफामऊ से 16 दिसम्बर को कछारी क्षेत्र में फायरिंग के बाद से गायब युवक का शव गुरुवार को गंगा के किनारे रसूलाबाद क्षेत्र में पाया गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस कहना है कि इस घटना का मुख्य आरोपित बुधवार की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली से घायल राजा बाबू है। वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
सोरांव के पुराना फाफामऊ निवासी मनीष कुमार पासी (21वर्ष) पुत्र अच्छेलाल दो भाईयों में छोटा था और उसकी दो बहने भी हैं। बताया जा रहा है कि 16 दिसम्बर को पड़ोसी करन पुत्र विरेन्द्र के साथ मोटर साइकिल से कछार में गया था, जहां रसूलाबाद के निवासी लवकुश विन्द का खेत है। लवकुश और उसके साले राजा बाबू से मनीष कुमार पासी का विवाद हो गया। विवाद के दौरान राजा बाबू एवं लवकुश से मारपीट हो गई और उसने गोली चला दी। फायरिंग होते ही करन गोली लगने से घायल हो गया तो अपनी जान बचाकर घर पहुंचा तथा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद से मनीष कुमार पासी घर नहीं पहुंचा।
वारदात के बाद मनीष कुमार की मां धानी देवी और भाई सतीष उसकी खोज बीन करने लगे। सोरांव थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया। मामले को गम्भीरता से लेते हुए खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, शिवकुटी एवं सोरांव थाने की पुलिस लगाया गया था। बुधवार की रात राजा बाबू एवं पुलिस में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से राजा बाबू घायल हो गया। पुलिस ने राजा बाबू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
उधर लापता मनीष के परिजन उसे खोज बीन कर रहे थे। गुरूवार को रसूलाबाद के समीप गंगा के किनारे एक युवक का शव पाया गया। मनीष के परिजन पहुंचे और उसकी पहचान किया और वारदात की खबर मिलते ही उसके परिवार के लोग आक्रोशित हो उठे। पहले गंगापुल पर जाम का प्रयास किया। हालांकि वह सफल नहीं हुए तो रसूलाबाद लवकुस बिन्द के घर पहुंचे और जमकर हंगामा किया और आग लगा दिया। इससे आरोपी का घर जलकर खाक हो गया। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर किसी तरह लोगों को शांत कराया और वहां पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। सोरांव थाने की पुलिस ने मृतक मनीष के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में पहले गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया था।
