UP News:खेतों में पराली जली तो ग्राम प्रधान होंगे दण्डित-मुख्य सचिव

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में किसी भी स्थान पर पराली जलाने की घटना ना होने दी जाए। इसके लिए गांवों में पोस्टर, बैनर और लाउडस्पीकर से लोगों को जागरूक करने का काम करें। यदि कहीं पर पराली जलाने की घटना होती है तो संबंधित व्यक्ति के साथ ही ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही की जाए। मुख्य सचिव ने सोमवार को उपरोक्त निर्देश मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिए। उन्होंने कहा कि खेतों में फसलों के कटने के पश्चात पराली को मौके पर ही डिकम्पोज कराने की व्यस्थाएं कराई जाएं।
समय से पराली को गौवंश संरक्षण केन्द्रों पर अविलम्ब पहुचांने की व्यवस्था की जाए। पराली नहीं जलाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए। प्रदेश में जहां पर भी पराली जलाने की सूचना मिले संबंधित व्यक्ति के साथ ही ग्राम प्रधान की भी जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। पराली के निस्तारण के लिए प्रत्येक जिले में कृषि यंत्रों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 से 16 अक्तूबर 2020 तक स्वच्छता अभियान चल रहा है। अभियान के तहत अस्पतालों तथा शासकीय भवनों की साफ-सफाई कराई जाए। विद्यालयों को खोले जाने से पूर्व उनकी भी साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही स्वच्छ पेयजल व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वायु प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए कूड़ा, पालीथीन, पराली इत्यादि के जलाने की घटनाओं को पूरी तरह रोकने को कहा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए संबंधित विभाग वृहद कार्य योजना बनाकर दें।

error: Content is protected !!