UP : ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में गिरी, 25 की मौत, 10 जख्मी

उन्नाव से चंद्रिका देवी के दर्शन करके लौट रहे थे श्रद्धालु

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में शनिवार रात 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई। 10 से ज्यादा घायल हैं। मरने वाले में 11 बच्चे और 11 महिलाएं शामिल हैं। गांव वालों की मदद से पुलिस रेस्क्यू में जुटी है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु उन्नाव के फतेहपुर स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 50 लोग सवार थे। एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सभी लोग घाटमपुर के कोर्था गांव के रहने वाले हैं। घायलों को भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी उन्नाव जिले के चंद्रिका देवी मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दर्शन कर वापस अपने गांव कोरथा लौट रहे थे। वापस लौटते समय घाटमपुर के साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक तालाब में इनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के अनुसार, कोरथा के रहने वाले राजू निषाद अपने बच्चे का मुंडन कराने रिश्तेदारों संग चंद्रिका देवी मंदिर गए थे। राजू ही ट्रैक्टर चला रहा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तीन चार जो लोग कूद गए, वो ही बचे हैं। बाकी लोग दबे हुए हैं। हादसे में माता-पिता और जिस बच्चे का मुंडन था, उनकी भी मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एम्बुलेंस मौके पर भेजे गए। हालांकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण एम्बुलेंस देरी से पहुंची। अगर एम्बुलेंस सही समय पर पहुंचती तो और लोगों की जान बच सकती थी। माना जा रहा है कि ट्रैक्टर के अंदर दबे लोगों की दम घुटने से मौत हुई है। फिलहाल राहत कार्य जारी है। प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, मृतकों में शिवम पुत्र कल्लू (4), जानकी पुत्री कल्लू (5), मिथिलेश पत्नी सफीक (50), केशकली पति देशराज (40), पलक पुत्री राम आधार (4), अंजली पुत्री राम सजीवन (13), किरन पुत्री शिवनायक (15), खुशी पुत्री पुन्तीलाल, मनीषा पुत्री रामदुलारे (17), अनिता देवी पति बीरेंद्र सिंह (35), रामजानकी पत्नी छिद्दू (60), कलावती पत्नी रामदुलारे (50), विनीता पत्नी कल्लू (36), तारा देवी पत्नी केवट (50), रवि पुत्र शिवराम (10), छोटू पुत्र राम दुलारे (12), गीता सिंह पति शंकर सिंह (50), मायावती पत्नी राम बाबू (50), उषा पत्नी बृजलाल सिंह (45), शिवानी पुत्री राम खेलावन (12), रानी पत्नी राम शंकर (50), सुनीता पुत्री रंपत निषाद (15), पार्वती पत्नी सियाराम (65), केशकली पति देशराज व किरन पिता शिव नारायण शामिल हैं।

यह भी पढें : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

error: Content is protected !!