UP : ढ़ाई लाख का इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढे़र
जमशेदपुर में आज तड़के मारा गया मुख्तार गैंग का शार्प शूटर अनुज
यूपी एसटीएफ के डिप्टी एसपी धर्मेश शाही भी जख्मी, अस्पताल में कराए गए भर्ती
जानकी शरण द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मुख्तार अंसारी गैंग के कुख्यात शूटर अनुज कनौजिया को जमशेदपुर में मुठभेड़ में मार गिराया। एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि रविवार तड़के एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अनुज को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई क्रॉस फायरिंग में अनुज घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में दोनों ओर से 25 राउंड से अधिक गोलियां चलीं, जिसमें एसटीएफ के डीएसपी धर्मेश कुमार शाही घायल हो गए। उनके बाएं कंधे पर गोली लगी, जिसके बाद उन्हें टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 36 वर्षीय अनुज कनौजिया पर मऊ पुलिस ने दो दिन पहले ही 2.50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह चार हत्याओं में शामिल था और उस पर हत्या, लूट सहित कुल 23 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मऊ के पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि फरार अपराधी अनुज कनौजिया पर पुलिस मुख्यालय द्वारा इनाम राशि बढ़ाई गई थी। वह माफिया मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर था और जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कुल 23 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। जिले के कोतवाली थाने में उसके खिलाफ सबसे अधिक छह मुकदमे दर्ज थे। रानीपुर थाने में पांच, दक्षिण टोला थाने में दो और चिरैयाकोट कोतवाली में तीन मामले दर्ज थे। इसके अलावा, गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाने में भी तीन मुकदमे दर्ज थे। अन्य कई थानों में भी वह वांछित था।
यह भी पढें : मानदेय प्रकरण में फंस गए सात BEO
आपराधिक सफर की शुरुआत
अनुज कनौजिया मूल रूप से मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव का रहने वाला था। 17 साल की उम्र में वह घर छोड़कर भाग गया था। उसके पिता हनुमान कनौजिया सरकारी स्कूल में शिक्षक थे। अनुज के दो भाई मनोज और विनोद भी थे। परिवार के मुताबिक, 2006-07 में जमीनी विवाद को लेकर उनका पट्टीदारों से झगड़ा हुआ था, जिसमें ठाकुर समाज के कुछ लोग भी शामिल थे। विवाद के दौरान मनोज पर जानलेवा हमला हुआ, जिसके बाद उसने बदला लेने के लिए एक हत्या कर दी और फरार हो गया। कुछ समय बाद उसकी मुखबिरी होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ठाकुर समाज के लोगों के हवाले कर दिया। बुरी तरह पीटने के बाद मनोज की मौत हो गई और पुलिस ने इसे एनकाउंटर बताया। मनोज की मौत के बाद अनुज ने बदला लेने के लिए ठाकुर परिवार के शरद सिंह की हत्या कर दी और फरार हो गया। इसी दौरान वह मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ गया, जो उसे सुरक्षा देता था। हालांकि, कुछ महीनों बाद उसने मुख्तार से दूरी बना ली।
यह भी पढें : दो कारों की भिड़ंत में पांच जख्मी, दो गंभीर
फिल्मी अंदाज में शादी
अनुज की शादी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। उसके भाई विनोद के मुताबिक, दुल्लालपुरवा की एक लड़की रीना राय किसी लड़के से परेशान थी। रीना ने अनुज से मदद मांगी, जिसके बाद अनुज ने पहले उस लड़के को समझाया, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसकी दुकान पर जाकर गोली मार दी। इस घटना के बाद रीना अनुज को पसंद करने लगी और परिवार की मर्जी के बिना उससे शादी कर ली। पुलिस की कस्टडी में ही दोनों की शादी हुई थी। अनुज के जेल जाने के बाद रीना ही उसके गैंग का काम देख रही थी। मार्च 2023 में रंगदारी के एक मामले में पुलिस ने उसे रांची से गिरफ्तार किया था। फिलहाल, वह जमानत पर बाहर है और उसके साथ उसके दो बच्चे भी हैं।
यह भी पढें : UP : मंदिरों के पास नहीं लगेंगी अंडे व मांस की दुकानें
अनुज का खौफ जानकर रह जाएंगे दंग
अनुज कनौजिया का एक समय में जिले में इतना आतंक था कि लोग डर के मारे अपनी दुकानों के बोर्ड से मोबाइल नंबर तक मिटा देते थे। रानीपुर और चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बाजारों में उसका खासा खौफ था। चिरैयाकोट बाजार में होली से पहले उसने एक हीरो होंडा एजेंसी संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। वर्ष 2009-10 में जिले के एक बड़े ठेके को मैनेज करने में कुछ लोग अड़चन पैदा कर रहे थे, जिस पर अनुज ने एक इंजीनियर की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने अनुज और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जिला जेल मऊ से गोरखपुर कारागार भेज दिया था। अनुज कनौजिया वर्ष 2016 तक गोरखपुर जेल में रहा, जिसके बाद उसे मेरठ स्थानांतरित कर दिया गया। मेरठ जेल में उसे जमानत मिल गई और जेल से बाहर आते ही वह फिर अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। वर्ष 2019 में मऊ के तरंवा ऐराकला गांव में एक व्यक्ति की हत्या में उसे आरोपी बनाया गया था। इस मामले में मुख्तार अंसारी समेत अनुज और 11 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से वह फरार चल रहा था। मुख्तार अंसारी के करीबी अनुज कनौजिया की संपत्ति को 21 सितंबर 2021 को कोर्ट के आदेश पर कुर्क कर लिया गया था। बहलोलपुर नवापुरा में स्थित चल-अचल संपत्ति को पुलिस ने जब्त किया था। तत्कालीन एसपी के अनुसार, माफिया मुख्तार गैंग के खिलाफ तरवां थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था, जिसमें अनुज कनौजिया ही फरार था। वह लगातार न्यायालय में पेशी से बच रहा था, जिसके बाद गैंगस्टर कोर्ट ने उसकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था।
यह भी पढें : पूर्व प्रबंधक पर 34 लाख के गबन का आरोप
पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com