सुदर्शन पटनायक को ब्रिटेन में मिला खास अवॉर्ड
सैंड मास्टर पुरस्कार पाकर सुदर्शन पटनायक ने जताई खुशी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी दी सुदर्शन पटनायक को बधाई
इंटरनेशनल डेस्क
लंदन। भारत के प्रख्यात रेत शिल्पकार सुदर्शन पटनायक को ब्रिटेन में आयोजित सैंडवर्ल्ड 2025 अंतरराष्ट्रीय रेत कला महोत्सव के दौरान ‘फ्रेड डारिंगटन सैंड मास्टर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें उनके अद्वितीय सृजनात्मक कौशल और विश्व मंच पर रेत कला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान इस दृष्टि से भी विशेष माना जा रहा है कि वर्ष 2025 प्रसिद्ध ब्रिटिश सैंड आर्टिस्ट फ्रेड डारिंगटन की जन्मशती का वर्ष है। यह अवॉर्ड उसी की स्मृति में शुरू किया गया है और पटनायक को इसका पहला विजेता घोषित किया गया।
भगवान गणेश की रेत मूर्ति से दिया विश्व शांति का संदेश
महोत्सव में सुदर्शन पटनायक द्वारा बनाई गई 10 फीट ऊंची भगवान गणेश की रेत मूर्ति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस मूर्ति के माध्यम से उन्होंने ‘विश्व शांति’ का सार्वभौमिक संदेश देने का प्रयास किया। पटनायक ने कहा दृ ‘मैं वेमाउथ, यूके में फ्रेड डारिंगटन ब्रिटिश सैंड मास्टर पुरस्कार प्राप्त करने वाला पहला भारतीय कलाकार बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कला परंपरा की वैश्विक मान्यता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह सम्मान रेत जैसी साधारण वस्तु से अद्वितीय कलाकृति रचने की भारतीय क्षमता का प्रतीक है।
ब्रिटिश मेयर ने किया सम्मानित
सुदर्शन पटनायक को यह पुरस्कार वेमाउथ के मेयर जॉन ओरेल ने समारोह के दौरान प्रदान किया। कार्यक्रम में ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग के संस्कृति मंत्री नाओरेम जे. सिंह, सैंडवर्ल्ड के निदेशक मार्क एंडरसन और सह-संस्थापक डेविड हिक्स भी मौजूद रहे। वेमाउथ को ब्रिटिश सैंड आर्ट का जन्मस्थल माना जाता है और यहां प्रतिवर्ष रेत से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। आयोजकों के अनुसार, इस बार की प्रदर्शनी कार्यक्रम नवंबर 2025 तक चलेगी।
यह भी पढें: जेईई मेन 2025 रिजल्ट की तारीख पर बढ़ी बेचैनी
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने दी बधाई
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी पटनायक को बधाई देते हुए कहा दृ ‘पद्म श्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक को पहले फ्रेड डारिंगटन ब्रिटिश सैंड मास्टर पुरस्कार से नवाजे जाने पर हार्दिक बधाई। उनके अथक परिश्रम और कला प्रेम ने भारत और ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर सशक्त किया है।’ मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पटनायक की यह उपलब्धि राज्य के युवाओं को भी प्रेरित करेगी कि कला के माध्यम से भी अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।
सुदर्शन की कलाकृतियां पहले भी पा चुकी हैं वैश्विक पहचान
पुरी निवासी सुदर्शन पटनायक देश-विदेश में अपने रेत शिल्प के लिए विख्यात हैं। वे इससे पूर्व भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने महात्मा गांधी, एपीजे अब्दुल कलाम, नेताजी सुभाषचंद्र बोस से लेकर विश्व जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर रेत कला के जरिए संदेश दिए हैं। उन्होंने रेत को न केवल कला का माध्यम बनाया, बल्कि उसके ज़रिए सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय मुद्दों को भी प्रभावशाली तरीके से उठाया है। फ्रांस, अमेरिका, रूस, जापान जैसे देशों में उनकी कलाकृतियां प्रदर्शित हो चुकी हैं।
यह सम्मान पूरी भारतीय संस्कृति का
सुदर्शन पटनायक को ब्रिटेन में सैंड मास्टर अवॉर्ड मिलना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है। उन्होंने रेत को सृजन का माध्यम बनाकर दुनिया को बताया कि बिना रंग और ब्रश के भी कलाकृति बनाई जा सकती है। ब्रिटेन में मिला यह अवॉर्ड भारतीय रचनात्मकता और सांस्कृतिक गर्व की नई पहचान बन गया है।
यह भी पढें: पम्बन ब्रिज : भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट सी ब्रिज
पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
कलमकारों से: तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी (प्रधान संपादक) मोबाइल- 9452137310 E-Mail : hindustandailynews1@gmail.com