Wednesday, July 9, 2025
Homeसाहित्य एवं संस्कृतिहे राम! कभी हमने भी तुम्हारी मदद की थी, आज हमारी मदद...

हे राम! कभी हमने भी तुम्हारी मदद की थी, आज हमारी मदद करो

हेमंत शर्मा

कहां हो राम! वर्षों से हमने तुम्हारे नाम की मालाएं जपी। दिए जलाए। हज़ारों साल से तुम्हें भगवान माना। हर साल धूमधाम से “भय प्रकट कृपाला“ गाकर रामनवमी मनाई। चार सौ साल से तुम्हारे चरित को गाकर यह समाज तुम्हे मर्यादाओं का पुरुषोत्तम मानता है। पर तुम इस विपत्ति के मौक़े पर ग़ायब हो? तुम्हारे चरणामृत से तृप्त होने वाली जनता आज त्राहि माम कर रही है। कोई सुनने वाला नहीं है। राम, तुम जिस करोड़ों लोगों की आस्था से भगवान हो, वे लोग मानवता के सबसे बड़े संकट से जूझ रहे हैं। भेड़ बकरियों की तरह सड़कों पर मर रहे है। क्या तुम्हें उनकी कोई सुध नहीं है? याद रखो राम, जब तुम्हारे उपर विपत्ति आई तो इस समाज के आदमी क्या, बंदर भालुओं ने भी तुम्हारी मदद की थी। आज विपत्ति के इस दौर में तुम मुँह फेरे क्यों बैठे हो!! राम जब तुम्हारा जन्मस्थान ख़तरे में था तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक और अटक से कटक तक लोग उसे बचाने अयोध्या तक चले गए थे। सुप्रीम कोर्ट तक इन आस्थावानों ने तुम्हारे जन्मस्थान की लड़ाई लड़ी। आज तुमने उन्हें उनकी नियति पर छोड़ दिया है।
आप अपनी वंश परंपरा को देखें प्रभु! मरीचि के पुत्र कश्यप थे। कश्यप के विवस्वान, विवस्वान के वैवस्वत मनु हुए और वैवस्वत मनु के पुत्र इक्ष्वाकु। इक्ष्वाकु के पुत्र कुक्षि थे। कुक्षि के पुत्र विकुक्षि। विकुक्षि के पुत्र बाण। बाण के पुत्र अनरण्य हुये। अनरण्य से पृथु। पृथु से त्रिशंकु का जन्म हुआ था। त्रिशंकु के पुत्र धुन्धुमार। धुन्धुमार के पुत्र युवनाश्व। युवनाश्व के पुत्र मान्धाता। और मान्धाता से सुसन्धि। सुसन्धि के दो पुत्र हुये-ध्रुवसन्धि एवं प्रसेनजित। ध्रुवसन्धि के पुत्र भरत हुये। भरत के पुत्र असित हुये और असित के पुत्र सगर हुये। सगर के पुत्र का नाम असमञ्ज था। असमञ्ज के पुत्र अंशुमान। अंशुमान के पुत्र दिलीप हुये। दिलीप के पुत्र भगीरथ हुये। भागीरथ के पुत्र ककुत्स्थ। ककुत्स्थ के पुत्र रघु हुये। रघु बहुत पराक्रमी और तेजस्वी राजा थे और उनका प्रताप अत्यधिक था, जिसकी वजह से इस वंश का नाम रघुवंश पड़ा। रघु के पुत्र प्रवृद्ध हुये। प्रवृद्ध के पुत्र शंखण। शंखण के पुत्र सुदर्शन हुये। सुदर्शन के पुत्र अग्निवर्ण। अग्निवर्ण के पुत्र शीघ्रग। शीघ्रग के पुत्र मरु। मरु के पुत्र प्रशुश्रुक। प्रशुश्रुक के पुत्र का नाम अम्बरीश। अम्बरीश के पुत्र का नाम नहुष। नहुष के पुत्र ययाति। ययाति के पुत्र नाभाग। नाभाग के पुत्र का नाम अज। अज के पुत्र दशरथ और राजा दशरथ के चार बेटों में आप। इतने गौरवशाली वंश परम्परा में आप ही क्यों भगवान हुए? कभी सोचा? क्योंकि आप ग़रीब नवाज़ थे। लोगों का दुख दर्द समझते थे। आप निर्बल का एक मात्र सहारा थे। आपकी कसौटी प्रजा का सुख था। यह लोकमंगलकारी कसौटी आज कहॉं है? आपके मानवीय पक्ष ने ही आप पर ईश्वरत्व थोपा था। दूसरे देवताओं की तरह आपके यहॉ किसी चमत्कार की गुन्जाइश नहीं थी। आम आदमी की मुश्किल आपकी मुश्किल थी। आप लूट, डकैती, अपहरण और भाइयों से सत्ता की बेदखली के शिकार हुए थे। जिन समस्याओं से आज का आम आदमी जूझ रहा है। कृष्ण और शिव हर क्षण चमत्कार करते हैं। पर आप ज़मीन पर लड़ते हैं। आपकी पत्नी का अपहरण हुआ तो उसे वापस पाने के लिए अपनी गोल बनाई। बंदर और भालुओं के साथ दलित शोषित आदिवासी भाईयो ने आपका साथ दिया। लंका जाना हुआ तो उनकी सेना एक-एक पत्थर जोड़ पुल बनाती है। आप कुशल प्रबन्धक थे। आपमें संगठन की अद्भुत क्षमता थी। आप जब अयोध्या से चले तो महज तीन लोग थे। जब लौटे तो एक पूरी सेना के साथ। एक साम्राज्य का निर्माण कर। यह प्रबन्धन कहां चला गया प्रभु। आप मनुष्यता के इम्यूनिटी बूस्टर थे। आज यह प्रताप क्यों नहीं दिखा रहे है तात! बाल्मिकी ने आपके चरित्र पर जो धब्बे लगाए थे तुलसी ने उन्हें धोकर आपको मर्यादा पुरुषोत्तम बनाया।हमारी आस्था ने उसे जस का तस स्वीकार लिया। हमें बताया गया।
काले वर्षति पर्जन्यः सुभिक्षंविमला दिशः
हृष्टपुष्टजनाकीर्ण पुरू जनपदास्तथा।
नकाले म्रियते कश्चिन व्याधिः प्राणिनां तथा।
नानर्थो विद्यते कश्चिद् पाने राज्यं प्रशासति।
यानी जिस शासन मे बादल समय से बरसते हों। सदा सुभिक्ष रहता हो सभी दिशाएँ निर्मल हो। नगर और जनपद हृष्ट पुष्ट मनुष्यों से भरे हो। वहॉं अकाल मृत्यु न होती हो, प्राणियों में रोग न होता हो। किसी प्रकार का अनर्थ न हो। पूरी धरा पर एक समन्वय और सरलता का वातावरण हो। प्रकृति के साथ तादात्म्य ही रामराज्य है। प्रभु अब पगलवाइए मत। हमें यह आदर्श राम राज्य नही चाहिए। जैसा चल रहा था वैसे ही चलने दीजिए।हमारी आस्था से मत खेलिए। इस आस्था ने आपको भगवान बनाया है अगर आस्था टूटी तो आप भगवान नहीं रहेंगे। स्थिति सामान्य कीजिए। अपने होने के महात्म्य को स्थापित कीजिए। हमारा धैर्य अब चुक रहा है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

हे राम! कभी हमने भी तुम्हारी मदद की थी, आज हमारी मदद करो

हमारी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular