Wednesday, February 18, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News: सफाई एजेंसी पर गिर सकती है चूहा प्रकरण की गाज

Gonda News: सफाई एजेंसी पर गिर सकती है चूहा प्रकरण की गाज

रविवार को मेडिकल कालेज पहुंची डीजीएमई की टीम ने किया गहन निरीक्षण

अतुल भारद्वाज/कल्बे आबिद ‘मोजिस’

गोंडा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय की एक टीम रविवार को स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कालेज) पहुंची और आर्थोपेडिक वार्ड में चूहा प्रकरण की जांच की। टीम की अध्यक्ष निदेशक (मेडिकल केयर) डा. संदीपा श्रीवास्तव ने बताया कि शासन ने उन्हें मेडिकल कालेज का भ्रमण करके प्रकरण में अतिशीघ्र रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में रविवार को ओपीडी न होने के बावजूद वह टीम के साथ यहां पहुंचीं और आर्थोपेडिक वार्ड समेत अन्य वार्डों का निरीक्षण कर वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था, मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं आदि के बारे में जानकारी ली। डा. संदीपा ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो तथ्य प्रकाश में आए हैं, उनकी रिपोर्ट बनाकर जल्द ही शासन को सौंप दी जाएगी। सूत्र बताते हैं कि प्रकरण में सम्बंधित सफाई एजेंसी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उसके साथ अनुबंध निरस्त करके काली सूची में डाला जा सकता है।

बता दें कि कुछ दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक वार्ड में चूहों के उछलकूद का वीडियो वायरल हुआ था। वे ऑक्सीजन पाइपलाइन से लेकर मरीजों के बेड तक पर दौड़ लगा रहे थे। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव समेत सभी विपक्षी दलों ने वीडियो शेयर करते हुए व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तत्काल प्रभाव से सम्बंधित वार्ड के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया था।

सोमवार से नए भवन में चलेगी ओपीडी
वीडियो वायरल होने के बाद डीएम प्रियंका निरंजन ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर ओपीडी की सेवाएं जल्द से जल्द बहुमंजिली नई बिल्डिंग में संचालित कराने का निर्देश दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि सोमवार से लगभग सभी ओपीडी नए भवन में संचालित होंगी। इसके साथ ही वार्डों में भर्ती मरीजों के लिए एक मरीज-एक तीमारदार की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही मरीज से तीमारदारों के मिलने का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। डॉ. सिंह ने बताया कि मरीजों से तीमारदार सुबह सात से आठ बजे, दोपहर में एक से दो बजे तथा शाम को चार से छह बजे तक मिल सकेंगे। अन्य समय प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक तीमारदार ही रह सकेगा। मेडिकल कालेज में गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती किए जाने की तैयारी है। तंबाकू व गुटखा आदि खाने पर सुरक्षाकर्मी 500 रुपये जुर्माना वसूलेंगे।

वार्ड में कुत्तों का वीडियो वायरल
मेडिकल कॉलेज में चूहों की उछल-कूद का वीडियो वायरल की जांच पूरी होने से पूर्व ही एक और वीडियो वायरल होने लगा है। इसमें तीन कुत्ते मरीजों के बगल वाले बेड पर बैठे दिख रहे हैं। यह वीडियो मेडिकल कॉलेज का ही बताया जा रहा है, लेकिन वार्ड और समय स्पष्ट नहीं हो सका है। लगातार ऐसे मामले सामने आने से अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी का कहना है कि कुत्तों के बेड पर बैठने के मामला उनके संज्ञान में नहीं है। कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य प्रो. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने, नोडल अधिकारी प्रो. कुलदीप पांडेय आदि उपस्थित रहे। मौके पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।

यह भी पढें: रावण की नाभि में मंदोदरी ने लाकर रखवाया था अमृत!

नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ पोर्टल पर प्रकाशित अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है। अतुल भारद्वाज, संपादक-हिंदुस्तान डेली न्यूज, मो. 8619730058

हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल भारद्वाज सम्पादक मोबाइल 08619730058

RELATED ARTICLES

Most Popular