Saturday, September 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशKanpur News : सीमेंट-सरिया दुकान में छत की टीनशेड काटकर घुसे चोर...

Kanpur News : सीमेंट-सरिया दुकान में छत की टीनशेड काटकर घुसे चोर बटोर ले गए नकदी

कानपुर(हि.स.)। बिठूर थानाक्षेत्र में सर्दी में पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए शातिर चोरों ने सीमेंट-सरिया दुकान को अपना निशाना बनाया। दुकान में चोर छत के रास्ते टीन सेड काटकर दाखिल हुए और 40 हजार की नकदी बटोर ले गए। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब मालिक दुकान खोलने पहुंचा। अंदर सामान बिखरा हुआ था और गल्ले में रखे नकदी गायब थी। सूचना पर पहुंची पुलिस पहुंची और डॉग स्क्वॉयड के साथ साक्ष्य जुटाए और चोरों की तलाश शुरु कर दी है। 

कल्याणपुर थाना इलाके में स्थित बैरी गांव निवासी दीपक अवस्थी की सिंहपुर बिठूर रोड पर अवस्थी ट्रेडर्स के नाम से सीमेंट-सरिया की दुकान है। रोजना की तरह दीपक सोमवार की शाम दुकान बंद कर घर चले गए। इस बीच देर रात घने कोहरे के बीच शातिर चोरों ने उनकी दुकान को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया। शातिर चोर छत के रास्ते टीन काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए। अंदर काउंटर का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब 40 हजार की नकदी चोर समेटकर छत के रास्ते ही से निकल गए। 
मंगलवार को दीपक जब दुकान खोलने पहुंचे और शटर का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए तो हैरान रहे गए। अंदर सामान बिखरा हुआ था और छत की टीन के साथ लगी सिलिंग टूटी हुई थी और गल्ले में रखी नकदी गायब थी। चोरी की जानकारी होने पर उन्हांने बिठूर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड के साथ जांच पड़ताल की। खोजी कुत्ता दुकान के बलग में निर्माणाधीन मकान में कई बार गया, लेकिन कोई ऐसा पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले जिसके आधार पर किसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकी। 
घटना को लेकर बिठूर थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुकान मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का पता लगाया जा रहा है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular