कोषागार एवं पेंशन के अपर निदेशक ने कोषागार का किया निरीक्षण
कानपुर (हि.स.)। जनपद के पेंशनरों की समस्याओं का समय से निदान किया जाए और भुगतान भी समय हो। इस पर किसी भी प्रकार लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और रोजाना कार्यदिवस पर पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्रों का निस्तारण किया जाये। यह बातें सोमवार को कोषागार एवं पेंशन विभाग के अपर निदेशक अजय जौहरी ने कोषागार के निरीक्षण के दौरान कही।
कानपुर मंडल के अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन अजय जौहरी ने सोमवार को कोषागार का निरीक्षण किया। उन्होंने बिलों के संबंध में कहा कि शासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए समस्त सरकारी समान की खरीद जनपद के समस्त डीडीओ जेम पोर्टल से करायें। इसके साथ ही निर्देश दिया कि कोषागार स्तर पर समस्त आहरण व वितरण अधिकारियों के हस्ताक्षर के नमूने एक रजिस्टर में अलग से रखे जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पेंशनरों को समय से भुगतान सुनिश्चित करें तथा पेंशनरों से प्राप्त जीवित प्रमाण पत्रों को प्रतिदिन निस्तारित करें। निरीक्षण के बाद अपर निदेशक ने कोषागार की कार्य प्रणाली, अभिलेख व साफ सफाई पर संतोष व्यक्त किया। कोविड को देखते हुए उन्होंने कहा कि कोषागार में मास्क, सेनेटाइजर आदि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। वरिष्ठ कोषाधिकारी के के पांडेय ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं ठीक तरह से संचालित की जा रही हैं। निरीक्षण के समय साथ में सहायक लेखाधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, लेखाकार राजेश श्रीवास्तव, प्रधान सहायक के एल रावत, शशांक आदि उपस्थित रहें।
