जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिला अस्पताल के आपात कालीन कक्ष में मंगलवार की देर रात एक मरीज की मौत हो जाने के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान परिजनों ने चिकित्सक और स्टाफ की पिटाई भी कर दी और अस्पताल में तोड़फोड़ किया। इस सम्बंध में नगर कोतवाली में परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के उम्मेदजोत नई सिरिया निवासी संदीप की तबियत खराब होने पर मंगलवार की रात को परिवारी जन उसे बेहोशी की हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। आपात कालीन कक्ष में मौजूद चिकित्सक के पूछताछ में पता चला कि वह दो महीने से बीमार है। उसका इलाज चल रहा था। मरीज का हीमोग्लोबिन मात्र 5.5 मिलीग्राम था। ड्यूटी पर मौजूद इमरजेंसी मेडिकल आफीसर डा. दीपक सिंह ने मरीज की स्थिति देखने के बाद भर्ती प्रपत्र पर बाकायदा अंकना करके परिजनों को बताया कि उसकी हालत काफी गंभीर है। इमरजेंसी कक्ष में मरीज का इलाज शुरू ही हुआ था कि उसकी मौत हो गई। इसके बाद भड़के परिवारी जनों ने इमरजेंसी मेडिकल आफीसर के साथ ही फार्मासिस्ट राज कुमार चौधरी, ट्रेनी फार्मासिस्ट शुभम गुप्ता, सहायक विशाल व बजरंगी के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। नाराज परिजनों ने इमरजेंसी कक्ष में भी तोड़फोड़ की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू किया। ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की तरफ से स्थानीय कोतवाली में परिजनों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है। जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डा. इंदूबाला ने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट सीएमओ व देवीपाटन मण्डल के अपर निदेशक स्वास्थ्य को भेजी गई है।
यह भी पढें : आपको वज्रपात की पूर्व सूचना चाहिए तो मोबाइल में डाउनलोड करें यह ऐप
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
