Gonda News : अब गांव-गांव मिलेंगे परिवार नियोजन के संसाधन

हेल्थ ऐंड वेलनेस सेंटर यानि आरोग्य केन्द्रों पर भी लगाए जाएंगे अंतरा इंजेक्शन

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। नवीन गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा व छाया टेबलेट ने कुछ ही समय में महिलाओं के बीच खास जगह बनाई है। अनचाहे गर्भ को रोकने में कारगर इस इंजेक्शन व छाया टेबलेट के लाभार्थी महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। अभी तक इन दोनों साधनों की उपलब्धता प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सीमित थी, लेकिन अब इसका दायरा जनपद के सभी हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर तक बढ़ाया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इन दोनों साधनों को अपनाये। लाभार्थी महिलाओं का अंतरा केयरलाइन में पंजीकरण होगा, जहां से समय-समय पर उनकी काउंसिलिंग भी होती रहेगी।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ मलिक आलमगीर ने बताया कि कुल 24 हेल्थ ऐंड वेलनेस सेंटरों में अंतरा इंजेक्शन व छाया टेबलेट की सुविधा उपलब्ध करवाने का लक्ष्य शासन की ओर से दिया गया है। अगस्त माह तक कुल 18 हेल्थ ऐंड वेलनेस पर अंतरा इंजेक्शन की सुविधा शुरू कर दी गयी है। बाकी जगहों पर भी जल्द ही शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों की महिलाएं अपने निकटवर्ती सेंटर पर जाकर इंजेक्शन लगवा सकती हैं। इंजेक्शन लगवाने वाली महिलाओं को अपने फोन से अंतरा केयरलाइन 1800-103-3044 पर कॉल करना होता है, जिससे केअरलाइन में उनका पंजीकरण हो जाए तथा समय-समय पर काउंसिलिंग होती रहेगी। इस टोल फ्री नंबर से महिलाएं बड़ी ही आसानी से अपने हर सवालों के जवाब घर बैठे ही ले सकती हैं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ सुवर्णा श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भधारण से बचने के लिए तीन माह में एक बार लगाया जाता है। इसके लगाने से पहले यह जांच जरूरी है कि कहीं महिला पहले से तो गर्भवती नहीं है। डॉ सुवर्णा के मुताबिक, अंतरा इंजेक्शन का करीब चार माह तक असर रहता है। इसके लगने से महिला को किसी प्रकार का कोई भी साइड इफेक्ट नहीं होता।

हर शुक्रवार को मनाया जाता है अंतराल दिवस :

वहीं डिस्ट्रिक्ट फेमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजर सलाहुद्दीन लारी ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने के लिए जिले में हर शुक्रवार को अस्पताल में अंतराल दिवस मनाया जाता है। अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए सुरक्षित अस्थाई गर्भनिरोधक विकल्पों में से एक है। जब से अंतरा इंजेक्शन लांच हुआ है, तब से करीब पांच हजार से अधिक डोज़ महिलाओं को दी जा चुकी हैं जिसमें सभी डोज शामिल है। इस दिवस के अलावा भी समुदाय के लिए परिवार नियोजन के अस्थायी व स्थाई साधनों को हर दिन उपलब्ध कराये जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अंतराल दिवस पर अस्थाई साधनों की जानकारी व सेवाएं दी जाती हैं, लेकिन कोई स्थाई साधन अपनाना चाहता है तो उन्हें वह सेवाएं भी दी जाएंगी। डिस्ट्रिक्ट फेमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजर सलाहुद्दीन लारी ने बताया कि अंतरा के प्रत्येक डोज पर सौ रुपये लाभार्थी को और सौ रुपये आशा को प्रोत्साहन स्वरूप दिये जाते हैं।

error: Content is protected !!