Tuesday, April 21, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन

‘क्राइम अगेन्स्ट वीमेन’ को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाया जाय : प्रतीक

उत्कृष्ट कार्य करने वाली 19 पुलिस कर्मियों व 10 समाजसेवी महिलाओं को किया गया सम्मानित

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति अभियान के रूप में चलाए जा रहे विशेष अभियान को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी थानों मे महिला हेल्प डेस्क की शुरूआत की गई। जनपद में मुख्य कार्यक्रम प्रदेश स्तर से चयनित कोतवाली नगर में आयोजित किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा साहित्य, जागरूकता व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 19 महिला पुलिस कर्मियों व 10 समाजसेवी महिलाओं सहित कुल 29 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र डा. राकेश सिंह ने जिले के मॉडल महिला हेल्प डेस्क का कोतवाली नगर में उद्घाटन किया। इसके उपरान्त अतिथियों ने पिंक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन


कार्यक्रम में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि बालिकाओं-महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए मुख्यमंत्री द्वारा चलाया जा रहा मिशन शक्ति अभियान प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलओं एंव बालिकाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। अब प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही हो सकेगी। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि मां, बहन, बेटियों की सुरक्षा प्रशासन द्वारा की जाय, इस पर समाज को भी सोचना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों आ रही है। उन्होंने कि माता-पिता की गोद से ही बच्चों में संस्कार विकसित होने चाहिए, जिससे इस दिशा में समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान हो सके। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे प्रशासन के साथ पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाने में अपना योगदान देकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
समारोह में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि ‘क्राइम अगेंस्ट वीमेन’ को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाया जाय तथा महिलाओं से सम्बन्धित अधिक घटना वाले क्षेत्रों को रेड जोन घोषित करने की कार्यवाही की जाय, ताकि रेड जोन में विशेष ध्यान देकर शोहदों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हो सके। इसी प्रकार अन्य जोन का निर्धारण कर अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि महिला हेल्प डेस्क की उपयोगिता तभी सिद्ध होगी, जब महिलाएं बिना भय के आ-जा सकें व रात्रि में खाना खाने के बाद भी निडर होकर भ्रमण कर सकें। उन्होंने ‘क्राइम अगेंस्ट वीमेन’ पर तत्काल रोकथाम किए जाने पर बल देते हुए कहा कि संकीर्ण मानसिकता वाले शहजादों को भी ठीक किया जाय। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का बोर्ड लगाने तथा महिलाओं के न्यूट्रीशन पर पूरा ध्यान दिया जाने पर बल दिया, ताकि वे खेल के साथ ही हर क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर सकें।

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन


कार्यक्रम में आयुक्त एसवीएस रंगाराव ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन व अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा इस अभियान को पूरी तरह से सफल बनाया जाय। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पहले हमारे देश में नारी का सम्मान था उसी प्रकार नारी को सम्मान व समान अधिकार मिले। उन्होंने सरकार द्वारा विशेषकर महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित कराने को कहा। उन्होंने सभी की सहभागिता पर बल देते हुए कहा कि इस अभियान को सफल बनाकर मण्डल को उल्लेखनीय स्थान दिलाया जाय।
इस मौके पर डीआईजी डा. राकेश सिंह ने मिशन शक्ति के विभिन्न चरणों का उल्लेख करते हुए अभियान के उद्देश्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया तथा कहा कि पुलिस प्रशासन का हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर अभियान को सफल बनाया जाय। जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने कहा कि महिला हेल्प डेस्क स्थापना से महिला सशक्तीकरण को बल मिलेगा और उचित वातावरण में महिलाओं की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि 180 दिन के इस अभियान से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन की दिशा में अपेक्षित सहायता प्राप्त होगी। पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि जनजागरूकता एवं जन सहभागिता से अभियान अपने उद्देश्यों में सफल होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बतौर अतिथि पधारे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों को पूरी तरह से अमल में लाया जाएगा और माताओं-बहनों की सुरक्षा व सम्मान के लिए हर संभव कदम उठाए जाएगें।

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन
एसपी ने भेंट किया स्मृति चिन्ह

इस अवसर पर सांसद, विधायक, आयुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा कार्यक्रम संचालक सहित अन्य सम्मानित जनों को पुलिस अधीक्षक द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंथन कल्चरल सोसाइटी द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान से सम्बन्धित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। ताइक्वाण्डो टीम द्वारा अपने प्रदर्शन से एसिड अटैक से बचाव व आत्मरक्षा का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। ‘नारी अबला नहीं है, सबला है’, इस बैनर के साथ फोटो सेशन का भी आयोजन किया गया। साहित्यकार डा. उमा सिंह द्वारा ताइक्वाण्डो टीम को सात सौ रूपए का नगद पुरस्कार भी प्रदान कर टीम का उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि संजीव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार, एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन कमरुद्दीन, एलबीएस प्राचार्य श्रीमती वन्दना सारस्वत, नगर कोतवाल आलोक राव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार अंकुर गर्ग द्वारा किया गया।

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन
इन्हें किया गया सम्मानित

कोतवाली नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा धनगर स्वयं सहायता समूह हलधरमऊ की अध्यक्ष विनीता पाल, साहित्यकार डा. उमा सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिका जूली पाण्डेय, प्रधानाचार्य ममता चौधरी, नीलम जैन, पूनम वर्मा, साक्षी अरोड़ा, रुषि दूबे, रुकसाना व माही गुप्ता, उपनिरीक्षक गुरप्रीत कौर, महिला आरक्षी कोमल वाजपेयी, शिल्पा यादव, अर्चना यादव, शैलजा सिंह, जूली तिवारी, अंकिता सिंह, वन्दना दिनकर, अनामिका, उर्वशी, बेनजीर, भारती सिंह, शिल्पा यादव, रीना सिंह, शालिनी यादव, सीमा वर्मा, हेमलता, अनीता शुक्ला व मंजू वर्मा कों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन
Gonda News:मिशन शक्ति प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम : कीर्तिवर्धन
RELATED ARTICLES

Most Popular