Friday, April 24, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:डीएम की अध्यक्षता में पोषण समिति की बैठक सम्पन्न

Gonda News:डीएम की अध्यक्षता में पोषण समिति की बैठक सम्पन्न

अभियान चलाकर स्कूलों में बनेंगी पोषण वाटिकाएं, डीएम ने दिए निर्देश

संवाददाता

गोण्डा। अभियान चलाकर जनपद के ऐसे सभी प्राइमरी स्कूल जहां पर आंगनबाड़ी केन्द्र, बाउन्ड्री वाल तथा आवश्यकतानुरूप जगह उपलब्ध है, उन सभी स्कूलों में पोषण वाटिका बनवाई जाय तथा इस कार्य में उद्यान विभाग का सहयोग लिया जाय। इसके अलावा पोषण मिशन के तहत गोद लिए गांवों में गोद लेने वाले अधिकारियों के जाने व पोषण की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाय। यह निर्देश जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी व उद्यान विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण की प्रगति से रोजाना उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए तथा कार्यदाई संस्था आरईएस के अधिशासी अभियन्ता को सख्त निर्देश दिए कि शीघ्रातिशीघ्र जनपद में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण कार्य पूरा कराएं। समीक्षा बैठक में ज्ञात हुआ कि जनपद में वर्ष 2016-17 से वित्तीय वर्ष 2019-20 के अब तक कुल 440 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण किया जाना था, जिसके सापेक्ष 221 आंगनबाड़ी केन्द्र पूर्ण हुए, 219 निर्माणाधीन है तथा 07 केन्द्र अभी अनारम्भ हैं।
समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण लागू किए गए लॉक डाउन में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर समुदाय आधारित गतिविधियों व सुपोषण मेलों का आयोजन, हॉट कुक्ड का संचालन नहीं हो सका है। आंगनबाड़ी केन्द्र बन्द चल रहे हैं जिसके कारण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा गृह भ्रमण कर वजन, वीएचएसएनडी तथा टेक होम राशन का वितरण घर-घर जाकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष हेतु 46 राजस्व गांवों का चयन कर 23 जनपद स्तरीय अधिकारियों को गांवों का आवंटन किया गया है। जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी, सीएमओ डा. मधु गैरोला, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी बीके महान, उपनिदेशक कृषि डा. मुकुल तिवारी, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. इन्द्रजीत प्रजापति, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित, डीसी मनरेगा हरिश्चन्द्र प्रजापति, डीपीआरओ सभाजीत पाण्डेय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular