जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। भारतीय किसान अधिकार एकता मंच के राष्ट्रीय संयोजक व किसान नेता महेश सिंह ने खुद को पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। उन्होंने ‘हिन्दुस्तान डेली न्यूज’ को फोन पर बताया कि भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान के संयोजन में मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ के माल कस्बे में एक किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाना था। इस सम्मेलन के वह मुख्य अतिथि थे और उन्हें इसमें प्रतिभाग करना था। सोमवार की देर शाम खरगूपुर थाने की पुलिस उनके परसोहनी स्थित घर पर आई और उनके घर से बाहर निकलकर कहीं आने-जाने पर शांति भंग की आशंका होने की बात कहते हुए उन्हें लखनऊ जाने से मना कर दिया। साथ ही उनकी निगरानी के लिए कुछ पुलिस कर्मियों को भी उनके घर पर तैनात कर दिया गया है। महेश सिंह ने कहा कि योगी सरकार के इशारे पर पुलिस का यह कृत्य लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। किसान आन्दोलन को लाठी गोली के दम पर दबाया नहीं जा सकेगा। इस सम्बंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि उच्च स्तर से प्राप्त निर्देश के क्रम में शांति भंग की आशंका होने पर महेश सिंह से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न जाने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने इसे सहज स्वीकार कर लिया और स्वतः घर पर ही रहने को तैयार हो गए। उन्हें किसी प्रकार से नजरबंद नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें : छह से स्पेशल के रूप में चलेगी गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
