Sunday, July 12, 2026
HomeEditor PickGonda News: साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Gonda News: साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार

विभिन्न खातों में जमा साइबर ठगी के सवा तीन करोड़ रुपए गोंडा पुलिस ने कराए फ्रीज

अतुल अद्वैत

गोंडा। जिला पुलिस और साइबर सेल ने एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में अब तक 20 से अधिक खातों से 21 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेनदेन का पता चला है। पुलिस ने इन खातों में जमा सवा तीन करोड़ रुपये फ्रीज करा दिए हैं। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रविवार को बताया कि साइबर ठगी गिरोह के सदस्य बेरोजगार युवकों को सोलर कंपनी में नौकरी और 15 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच देकर उनके नाम पर करंट अकाउंट खुलवाते थे। युवकों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि यह उनका सैलरी अकाउंट है, जबकि खाते का पूरा नियंत्रण आरोपी अपने मोबाइल नंबर और नेट बैंकिंग के माध्यम से रखते थे। बाद में इन्हीं खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ बनाकर निवेश ठगी, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और अन्य साइबर अपराधों से प्राप्त रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा जाता था।
एसपी के अनुसार, साइबर ठगी मामले की शुरुआत सिसई टिकरिया निवासी वीरेंद्र प्रताप और सत्यम तिवारी की शिकायत से हुई। दोनों ने आरोप लगाया कि उन्हें सोलर कंपनी में नौकरी का झांसा देकर प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बड़गांव शाखा ले जाया गया, जहां सैलरी अकाउंट के बजाय फर्जी फर्म ‘श्री श्याम इंटरप्राइजेज’ के नाम पर करंट अकाउंट खोल दिया गया। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की गई तो 21 फरवरी से छह मार्च 2026 के बीच इन खातों से आरटीजीएस के जरिए लगभग ढाई करोड़ रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी उद्यम पंजीकरण, जीएसटी रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेज तैयार कराकर अलग-अलग बैंकों में खाते खोले गए। पुलिस ने प्रकरण में विजय सोनी, दीपक गोयल, देवनारायण मिश्रा, गंगोत्री पांडेय और शाहबान आलम उर्फ सोनू शामिल को गिरफ्तार किया। उनके पास से छह मोबाइल फोन, 15 आधार कार्ड, 10 सिम कार्ड, आठ मोहरें, दो दोपहिया वाहन तथा विभिन्न फर्मों के फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के आधार पर अब तक साइबर ठगी के 20 से अधिक म्यूल खातों की पहचान की गई है और इन खातों से 21 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। एनसीआरपी पोर्टल पर इन खातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु, लद्दाख, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, कर्नाटक और तेलंगाना सहित कई राज्यों से 43 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब तक इन खातों में जमा 3.20 करोड़ रुपये फ्रीज करा चुकी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
साइबर ठगों को गिरफ्तार करने टीम में साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्त, कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह मय टीम, साइबर सेल के हरिओम टण्डन, अमित कुमार गौड़, मनीष कुशवाहा, आलोक सविता, राजेंद्र कुमार व शिवम मिश्रा शामिल रहे।

Gonda News: साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार
गोंडा पुलिस की हिरासत में साइबर ठगी गिरोह के सदस्य

नम्र निवेदन: सुधी पाठकों, आपको अवगत कराना है कि आपके द्वारा प्रेषित अनेक खबरें ‘हिंदुस्तान डेली न्यूज’ पोर्टल पर प्रकाशित की जाती हैं; किंतु सभी खबरों का लिंक ग्रुप पर वायरल न हो पाने के कारण आप कई बार अपनी तथा अन्य महत्वपूर्ण खबरों से वंचित रह जाते हैं। अतः आपसे अनुरोध है कि आप सीधे www.hindustandailynews.com या हमारे Whatsapp चैनल https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h पर जाकर अपनी खबरों के साथ-साथ अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। पोर्टल को और अधिक सूचनाप्रद तथा उपयोगी बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।

हमसे जुड़ें: न्यूज पोर्टल पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : अतुल अद्वैत, सम्पादक- हिंदुस्तान डेली न्यूज मोबाइल +91 8619730058

RELATED ARTICLES

Most Popular