Saturday, April 25, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : BJP सांसद बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव को चेताया

Gonda : BJP सांसद बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव को चेताया

आप व आपके चेले देश-दुनिया को धमकावें, किन्तु मुझे नहीं

देश भर के संतों का महर्षि पतंजलि की जन्मभूमि पर होगा जमावड़ा

किसान, संत और धर्म की रक्षा के लिए पूरा जीवन जेल में रहने को तैयार-बृजभूषण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा है कि किसान, संत-महात्मा, धर्म और देश हित में यदि मुझे जेल भी जाना पड़ा, तो मैं जिंदगी भर जेल में रहने को तैयार हूं। मैं अपनी जमानत नहीं कराऊंगा। वह बुधवार को जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ की तरफ से उन्हें प्राप्त हुई कानूनी नोटिस पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा, ’बाबा रामदेव अथवा पतंजलि योगपीठ से मेरी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। मैं केवल देश के करोड़ों किसानों के हितों की बात कर रहा हूं। साथ ही यह भी चाहता हूं कि किसी के द्वारा योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि के नाम का बेजा इस्तेमाल न किया जाए।’ भाजपा सांसद ने कहा, ‘मुझे अपने देश की अदालत और संविधान पर पूरा भरोसा है, किंतु इस मामले में यदि देश की कोई भी अदालत मुझे जेल भेजती है, तो मैं सहर्ष जेल जाने व जीवन भर वहीं रहने को तैयार हूं। अपनी जमानत भी नहीं कराऊंगा।’ उन्होंने कहा, ‘बाबा रामदेव व उनके चेले दुनिया को धमकावें, किंतु मुझे न धमकावें। हम समाज हित व राष्ट्र हित में कुछ भी कर सकते हैं।’ नब्बे के दशक में श्री राम मंदिर आंदोलन के दौरान बढ़-चढ़कर भूमिका निभाने वाले भाजपा सांसद ने कहा कि मैं शीघ्र ही महर्षि पतंजलि की जन्मभूमि (गोंडा जिले के वजीरगंज विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम कोंडर) पर देशभर के संतों का आवाहन करूंगा। यह कार्यक्रम लगातार सात दिन तक चलेगा। मैं वहां आने वाले देशभर के संतों से आग्रह करूंगा कि वह देखें, महर्षि पतंजलि के नाम पर अपनी दुकान चमकाने वाले लोगों ने उनकी जन्मस्थली के लिए क्या किया है? उन्होंने कहा कि मैं संत महात्माओं से महर्षि पतंजलि के नाम का दुरुपयोग रोकने तथा किसानों के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ उनके द्वारा शुरू किए जाने वाले जन आंदोलन में उनका समर्थन और सहयोग मांगंूगा, क्योंकि जब आम आदमी थक जाता है, तब आंदोलन की कमान संत संभालते हैं। मैं देशभर के संतों का आह्वान करता हूं कि आप महर्षि पतंजलि के जन्म भूमि पर आकर यहां की दुर्दशा को देखें और सही गलत का फैसला करें। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि के नाम के दुरुपयोग को लेकर शुरू किया गया यह आंदोलन अब मैं देश के संतों और नागरिकों को समर्पित करता हूं।
भाजपा सांसद ने कहा कि पतंजलि योगपीठ के संस्थापक बाबा रामदेव डुप्लीकेट खाद्य पदार्थ बनाने के सम्राट हैं। आज देशभर में गायों की जो उपेक्षा हो रही है और लगातार उनकी मौतें हो रही हैं, उसका कारण देश भर में दूध से बनने वाले नकली खाद्य पदार्थ ही हैं। यदि गोपालकों को गाय के दूध और घी का सही मूल्य मिले तो छुट्टा जानवरों की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों से मांग करता हूं कि वह देश में बनने वाले नकली खाद्य पदार्थ के मामलों को देखें और प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस पर अंकुश लगाएं। सांसद ने बाबा रामदेव को आगाह करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे कानूनी नोटिस देकर अच्छा नहीं किया है। श्रीराम चरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की इन पंक्तियों को उद्घृत करते हुए उन्होंने अपनी बात खत्म की : जाको विधि दारुण दुख देही, वाकी मति पहिले हरि लेही। बता दें कि करीब एक सप्ताह पूर्व बाराबंकी जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद ने अपने उद्बोधन के दौरान उपस्थित जन समुदाय से गोपालन करके उसका दूध दही और घी इस्तेमाल करने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि बाबा रामदेव का घी खाने से आप स्वस्थ नहीं रह सकते। उनके इस वक्तव्य का संज्ञान लेते हुए पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण ने सांसद को अगले दिन फोन करके अपना बयान वापस लेने को कहा था। इस पर सांसद ने महर्षि पतंजलि की जन्मभूमि पर एक प्रेस वार्ता करके आरोप लगाया था कि महर्षि पतंजलि के नाम का इस्तेमाल करके अरबों खरबों का व्यापार करने वाले लोग उनकी जन्मस्थली के विकास के लिए कुछ नहीं किया। सांसद ने उन्हें अपने उत्पादों में पतंजलि शब्द का इस्तेमाल न करने की सलाह दी थी। इसके बाद पतंजलि योगपीठ की तरफ से आज उन्हें एक कानूनी नोटिस प्राप्त हुई है, जिसमें तीन दिन के अंदर विभिन्न संचार माध्यमों द्वारा अपने वक्तब्य पर माफी मांगने अन्यथा की स्थिति में कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहने की बात कही गई है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular