Gonda : सड़क हादसे में युवक की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले में बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जख्मी हो गए। गंभीर अवस्था में घायलों को उपचार के लिए राजर्षि दशरथ राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अयोध्या भेजा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने आज यहां बताया कि जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत अगया माफी गांव निवासी विजय वर्मा (23) अपने दो मित्रों अरविंद (21) और अभिषेक (20) के साथ एक बुलेट पर सवार होकर आज दोपहर जा रहे थे। दीन नगर रेलवे क्रॉसिंग के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप विजय वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दोनों सह सवार अरविंद और अभिषेक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अयोध्या मेडिकल कालेज भेजवाया। उन्होंने बताया कि दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता माया राम वर्मा की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष की कैद

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में अदालत ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक अशोक कुमार सिंह व सुनील कुमार मिश्र ने बुधवार को बताया कि थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी एक दलित ने अभियोग दर्ज कराया था कि बीते 17 जनवरी 2021 को उसकी सात साल की बेटी को मोमबत्ती देने के बहाने बुलाकर पड़ोसी विश्राम ने उसके साथ छेड़छाड़ किया। लोगों के मौके पर आ जाने पर वह भाग निकला। पुलिस ने विवेचना के उपरांत आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया। सत्र परीक्षण के दौरान विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) मोहम्मद नियाज अहमद अंसारी ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का परिशीलन करने तथा उभय पक्ष के गवाहों व अधिवक्ताओं को सुनने के उपरांत आरोपी विश्राम को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के प्रयास व पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास तथा 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। अदालत ने आदेश दिया कि जुर्माने की आधी धनराशि पीड़िता अथवा उसके विधिक प्रतिनिधियों को दी जाए।

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!