Thursday, July 10, 2025
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आतंकी हमले में 15 जख्मी, दो की मौत

Gonda : आतंकी हमले में 15 जख्मी, दो की मौत

बलरामपुर के दो श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने घटना को बताया ‘कायराना’

पीड़ितों के मदद के लिए गोंडा से आज ही जम्मू जाएंगे एक एसडीएम और एक डिप्टी एसपी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में कल देर शाम एक यात्री बस पर हुए आतंकी हमले में गोंडा जिले के आठ तथा बलरामपुर के सात श्रद्धालु जख्मी हो गए। बलरामपुर के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों का कटरा और जम्मू के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनके परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं।
जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत भिखारीपुर ग्राम पंचायत के निवासी सूर्यनाथ गुप्ता ने बताया कि उनके परिवार से आठ सदस्य मां वैष्णो देवी का दर्शन करने के लिए बीते चार जून का जम्मू गए थे। दर्शन करने के उपरांत रविवार को परिवार के सभी सदस्य सार्वजनिक परिवहन से शिवखोड़ी का दर्शन करने गए थे। देर शाम को कटरा लौटते समय रास्ते में आतंकवादियों ने उनके बस पर हमला कर दिया। परिणाम स्वरूप बस अनियंत्रित होकर खाईं में चली गई और उसमें सवार कई तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य जख्मी हो गए। उन्होंने बताया कि जख्मी होने वालों में उनके परिवार के भी आठ सदस्य देवी प्रसाद गुप्ता, नीलम गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, बिट्टन गुप्ता, दीपक कुमार गुप्ता, दिनेश गुप्ता, पलक गुप्ता, प्रिंस गुप्ता शामिल हैं। इनमें दिनेश को कटरा स्थित सरकारी अस्पताल में तथा शेष अन्य को जम्मू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूर्यनाथ ने बताया कि माता रानी की कृपा से उनके परिवार के सभी सदस्य जीवित बच गए हैं। इलाज से ठीक हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका दामाद लुधियाना से चलकर जम्मू पहुंच गया है। दिल्ली में नौकरी करने वाला छोटा बेटा भी रास्ते में है। सूर्यनाथ गुप्ता ने अपनी पुत्रबधू नीलम गुप्ता के हवाले से बताया कि शिवखोड़ी से लौटते समय रास्ते में बस पर अचानक फायरिंग होने लगी। परिणाम स्वरूप बस अनियंत्रित होकर खाईं में गिर गई। बस में सवार सभी लोगों को गंभीर से हल्की चोटें आई हैं। कुछ यात्रियों की मौत भी हो गई। हमले में जख्मी राजेश गुप्ता के बेटे राहुल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी आज सुबह हुई। इसके बाद हमने पापा के पास फोन कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हम लोग शिवखोड़ी से दर्शन करके बस से लौट रहे थे। सभी घायल किंतु खतरे से बाहर हैं। इलाज चल रहा है। हम लोग भी ट्रेन से जम्मू जा रहे हैं। दीपक के पड़ोसी अजय पांडेय ने बताया कि रात में ही दीपक के घर वाले जम्मू-कश्मीर के लिए निकल गए हैं। दीपक के पैर में गोली लगी है। उसका आपरेशन किया जाएगा। घटना में भिखारीपुर गांव के आठ लोगों के शामिल होने की सूचना मिलते ही हड़कम्प मच गया। आज सुबह से ही क्षेत्र में दुख का माहौल है, किंतु लोगों में संतोष इस बात का है कि माता रानी की कृपा से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि जिले के आठ श्रद्धालु आतंकी हमले में घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात करके प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। जिले से एक एसडीएम और एक डिप्टी एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी को पीड़ितों की मदद के लिए आज ही जम्मू रवाना किया जा रहा है।

Gonda : आतंकी हमले में 15 जख्मी, दो की मौत

आतंकी हमले में जख्मी गोंडा के देवी प्रसाद गुप्ता का परिवार तथा गोली का शिकार बनी बलरामपुर की रूबी।

इस बीच बलरामपुर जिले के नौ श्रद्धालुओं के घटना में जख्मी होने की जानकारी मिली थी। इनमें से दो रूबी और अनुराग वर्मा की मौत हो चुकी है। बलरामपुर के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने परिजनों से सम्पर्क कर उन्हें यथासंभव सहयोग करते हुए जम्मू के लिए रवाना कर दिया है। इस बीच रियासी जिला कंट्रोल रूम की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी की राधा देवी की बाईं जांघ और लक्ष्मी देवी के दाहिने हाथ पर गोली लगी है। बंटी के कमर और पवन की रीढ़ में फ्रैक्चर हुआ। उषा देवी और दिनेश गुप्ता को गोली लगी है। दिनेश के दाएं पैर में फ्रैक्चर, माथे और सिर पर चोट के घाव हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीर्थयात्रियों पर आतंकी हमले को कायराना करार देते हुए इसकी निंदा की है तथा सरकार की तरफ से हरसंभव मदद करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

यह भी पढें : पांच बार के सांसद राजा भैया बने मंत्री

Gonda : आतंकी हमले में 15 जख्मी, दो की मौत

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular