Balrampur News:21 वर्षीय छात्रा बनेगी जिला पंचायत अध्यक्ष

सपा ने घोषित प्रत्याशी के अपहरण का लगाया आरोप

संवाददाता

बलरामपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर में पूरी की गई। भाजपा की सबसे कम उम्र की प्रत्याशी आरती तिवारी ने अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति को दिया। एकल नामांकन होने के कारण आरती तिवारी का निर्विरोध चुना जाना तय है। जांच में नामांकन पत्र सही मिला। सपा की किरन यादव तय समय तीन बजे तक कलेक्ट्रेट नहीं पहुंच सकीं। सपाइयों ने पुलिस पर पार्टी उम्मीदवार को रास्ते में रोकने व अपहरण करने का आरोप लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत करने की बात कही। सपाइयों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की। शनिवार को नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कई थानों की पुलिस व पीएसी तैनात थी। कलेक्ट्रेट को आने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन करने वालों को रोका जा रहा था। भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। इसके बाद नामांकन पत्र की जांच हुई। एकल नामांकन होने के कारण भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन तय है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल ने बताया कि आरती तिवारी का एकल नामांकन हुआ है। 29 जून को नामवापसी के दिन निर्विरोध निर्वाचित होने की अधिकारिक घोषणा होगी। सपा प्रत्याशी के समर्थकों का अपहरण करने व पुलिस पर जबरन रोकने का आरोप निराधार है।

सपा ने लगाया अपहरण का आरोप :

सपा के पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव, डा. भानू तिवारी, पूर्व विधायक अनवर महमूद, मशहूद खां, जगराम पासवान, पूर्व ब्लाक प्रमुख शफीक अहमद, इकबाल जावेद समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट जा रहे थे। सभी को विकास भवन के पास बैरिकेडिंग पर रोक लिया गया। यहीं सपाइयों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की। आरोप लगाया कि उम्मीदवार किरन यादव को पुलिस ने हर्रैया सतघरवा के जनकपुर में उनके आवास व फिर महराजगंजतराई में रोक लिया गया। उसके बाद पुलिस उनका कहीं लेकर चली गई। प्रशासन पर अपहरण का आरोप लगाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में बसपा ने कोई रुचि नहीं ली। श्रावस्ती लोक सभा क्षेत्र से बसपा के रामशिरोमणि वर्मा सांसद हैं। पार्टी के समर्थित 10 जिला पंचायत सदस्यों ने जीत भी दर्ज की है। बसपा से पूर्व सांसद रिजवान जहीर के भाई सलमान की पत्नी रेशमा बेगम भी जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं। इसके बाद भी बसपा ने अपना प्रत्याशी चुनावी समर में नहीं उतारा है। राजनीतिक गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जिला पंचायत सदस्यों की दलगत स्थिति पर गौर करें तो भाजपा के पास सात, सपा 13, बसपा 10, कांग्रेस एक व निर्दल नौ सदस्य हैं। इसके बावजूद भाजपा ने बाजी मार ली।

यह भी पढ़ें : युवक की गला काटकर हत्या, तेजाब से चेहरा झुलसाया

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!