Balrampur News : जिले में धूमधाम से मनायी गयी गांधी जयन्ती

संवाददाता

बलरामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल ने गांधी जी व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दो अक्टूबर का दिन गांधी जयंती के रूप में मनाया जाता है। गांधी जी एक महान नेता के साथ समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन निडर होकर लोगों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष किया। अंग्रेजों से भारत को मुक्त करवाने वाले महात्मा गांधी के विचार आज भी लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। महात्मा गांधी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। बाद में लोग उन्हें बापू कहकर बुलाने लगे। बापू ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत के दम पर ब्रिटश हुकूमत को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।
उन्होंने कहा कि गांधी के सिद्धान्तों का प्रत्येक व्यक्ति को पालन करना चाहिए, जैसे पाप से घृणा करो पर पापी से नहीं, क्षमादान बहुत मूल्यवान चीज है। स्वयं को जानने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है खुद को औरों की सेवा में लगा देना। आप तब तक यह नहीं समझ पाते कि आपके लिए कौन महत्वपूर्ण है, जब तक आप उन्हें वास्तव में खो नहीं देते। इसलिये प्रत्येक व्यक्ति को अपने-अपने कर्तव्यों का पालन करते हुये गांधी जी के सिद्धान्तों का अनुशरण करना चाहिए। तभी एक अच्छे समाज और देश की परिकल्पना की जा सकती है। जो शांति, अहिंसा से युक्त होगा। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुये जनता की सेवा निःस्वार्थभाव से करना चाहिए। इस अवसर पर अपर एसडीएम, वरिष्ठ कोषाधिकारी विनोद कुमार, अपर ट्रेजरी अफसर राजू कनौजिया, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, भूलेख अधिकारी व अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
गांधी जयन्ती के अवसर पर विकास भवन, समस्त तहसीलों, समस्त विकास खण्ड सहित, बेसिक शिक्षा कार्यालय सहित समस्त सरकारी/गैर अर्द्धसरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया गया व गांधी जी व शास्त्री जी के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात् गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन सघर्ष, देश सेवा, जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला गया। गांधी जयन्ती के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अमनदीप डुली द्वारा दिव्यांगजनों को कृतिम अंग सहायक योजनान्तर्गत सहायक उपकरण वितरित किया गया। इस कार्यक्रम में पीडी अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी गिरीश चन्द्र पाठक, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!