Balrampur News : किसी आपदा की स्थिति में यहां करें फोन

संवाददाता

बलरामपुर। कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन केन्द्र में स्थापित कंट्रोल रूम 24 घंटे के लिए संचालित है। किसी भी प्रकार की आपदा से सम्बंधित जानकारी/शिकायत अथवा मांग फोन द्वारा दी जा सकती है। यहां तैनात विभिन्न विभाग के अधिकारी/कर्मचारी शिकायतों का निस्तारण कराते हैं। जिला आपदा प्रबंधन सलाहकार सचिन मदान ने बताया कि कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाने के लिए यहां और भी टेलीफोन लगाए गए हैं तथा कर्मचारियों की भी बढ़ोत्तरी की गई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में कोविड-19 तथा बाढ़ व कटान सम्बंधी आपदा का दौर चल रहा है। इससे सम्बंधित किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आपदा प्रबंधन केन्द्र में स्थापित कंट्रोल रूम के फोन नम्बर 7880831068, 8922092542 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह नम्बर हमेशा चालू रहेंगे। कोविड-19 व बाढ़ के अतिरिक्त भी किसी भी आपदा के सम्बंध में जानकारी इन नम्बरों पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम होने के कारण जिले भर में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ी हैं। किसी को सांप काटने की स्थिति में लोगों को सीधे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाना चाहिए। सभी सामुदायिक केन्द्रों पर एण्टी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध है। जिस अंग पर सांप ने काटा है उसे हृदय से नीचे रखने का प्रयास करना चाहिए अर्थात पीड़ित को अस्पताल ले जाते समय मोटर साइकिल अथवा अन्य वाहन में बैठाकर ले जाना चाहिए न कि लेटाकर। सर्पदंश के शिकार व्यक्ति का हौसला बढ़ाते रहना चाहिए क्योंकि जहर की वजह से कम तथा डर की वजह से होने वाले हृदयघात से अधिक लोगों की मौत होती है।

error: Content is protected !!