वाराणसी (हि.स.)। सारनाथ क्षेत्र के बेनीपुर सत्संगनगर स्थित कांशीराम आवास परिसर में चंदा मांगने के विवाद में सफाई कर्मी की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। हमलावर ने बीच-बचाव करने आई सफाई कर्मी की पत्नी को भी चाकू से वार कर घायल कर दिया। घायल महिला की चीख पुकार सुनकर जब तक लोग जुटते हमलावर फरार हो गया। सूचना पाते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेनीपुर सत्संगनगर स्थित कांशीराम आवास में रहने वाले संविदा सफाईकर्मी राजाबाबू (25) अपनी पत्नी रूबी (24) के साथ रविवार देर शाम घर में खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राजेश नशे में धुत राजाबाबू के घर पहुंचा और सबमर्सिबल पंप बनवाने के लिए 25 रुपए चंदा मांगा। चंदा मांगने के लहजे से नाराज राजा बाबू ने विरोध किया तो राजेश हाथापाई पर उतर आया।
दोनों के बीच मारपीट देख पत्नी रूबी बीच बचाव के लिए आई तो आरोप है कि राजेश ने चाकू से उस पर वार कर दिया। यह देख राजाबाबू उसे पकड़ने के लिए दौड़ा तो राजेश ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। शोरगुल और चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक राजेश वहां से भाग निकला। पड़ोसियों ने दोनों को पांडेयपुर स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया । जहां चिकित्सकों ने राजाबाबू को मृत घोषित कर दिया। सारनाथ थाना प्रभारी के अनुसार हमलावर राजेश की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
श्रीधर
