Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेश1045.66 करोड़ रुपये के 258 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

1045.66 करोड़ रुपये के 258 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

– हर विधानसभा क्षेत्र को मिलेगी सौगात

– लोकार्पण-शिलान्यास के कार्यों में धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास के कई प्रोजेक्ट

गोरखपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर में 1045.66 करोड़ रुपये की लागत वाले 258 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (खाद कारखाना) के मैदान पर आयोजित समारोह में 333.85 करोड़ रुपये के 56 विकास कार्यों का लोकार्पण और 711.81 करोड़ रुपये के 202 विकास कार्यों का शिलान्यास होना है। इस दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों को कुछ न कुछ सौगात मिलनी तय है। लोकार्पण-शिलान्यास के कार्यों में धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास के कई प्रोजेक्ट सम्मिलित हैं।

रविवार पूर्वाह्न खाद कारखाना मैदान में आयोजित शिलान्यास-लोकार्पण समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा रोड कनेक्टिविटी, बाढ़ सुरक्षा, सीवरेज, शैक्षिक संस्थानों में एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास, स्वास्थ्य अवस्थापना, मिनी स्टेडियम, रेल ओवरब्रिज, पर्यटन विकास जैसे कार्यों का उपहार दिया जायेगा। विकास की इन परियोजनाओं से जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों को कुछ न कुछ जरूर मिलेगा।

इनका होगा लोकार्पण

– 14.09 करोड़ की लागत से भीटी, बांसगांव, गोला मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण

– 43.92 करोड़ रुपये से खजनी-सिकरीगंज मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण

– 23.69 करोड़ रुपये से पिपराइच-जगदीशपुर मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण

– 15.33 करोड़ रुपये से सीहापार-घघसरा मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण

– 13.55 करोड़ रुपये से रामनगर कडजहाँ से तरकुलानी रेगुलेटर मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, खजनी में कुआनो नदी के बनकटा घाट पर सेतु पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य

– अमृत कार्यक्रम के तहत गोरखपुर सीवरेज योजना जोन-ए1, उत्तरी भाग। लागत 136.28 करोड़ रुपये।

– चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र स्थित दुबौली में मिनी स्टेडियम। लागत 4.89 करोड़ रुपये।

-दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में छात्रावास। लागत 2.81 करोड़ रुपये।

– ममता राजकीय मानसिक मंदित बालिका विद्यालय। लागत 9.02 करोड़ रुपये।

– नवीन मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र आवासीय। लागत 7.05 करोड़ रुपये।

– पिपराइच के महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक। लागत 1.38 करोड़ रुपये।

– मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ओबीसी गर्ल्स हॉस्टल। लागत 2.07 करोड़ रुपये।

शहर के अंदर फोरलेन-बाहरी हिस्से में दो रेल ओवरब्रिज का शिलान्यास

मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर के अंदर फोरलेन और बाहरी हिस्से में दो रेल ओवरब्रिज का शिलान्यास होगा। पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन बनेगा। 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये की लागत से इसे बनाया जाना है। डोमिनगढ़ से गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के मध्य समपार संख्या 162 ए पर पूर्व निर्मित रेल ओवरब्रिज के समानांतर टू-लेन ओवरब्रिज का निर्माण होगा। इस निर्माण कार्य पर 115 करोड़ 76 लाख 86 हजारों रुपये की लागत आएगी। दूसरा रेल ओवरब्रिज गोरखपुर-आनंदनगर रेलखंड पर मानीराम-पीपीगंज के मध्य समपार संख्या 14 सी पर बनेगा। इसके निर्माण पर 151 करोड़ 42 लाख 26 हजार रुपये खर्च होंगे।

बुनियादी सुविधाओं संग आस्था का सम्मान

रविवार को लोकार्पित और शिलान्यास वाली परियोजनाओं में धर्मस्थलों के पर्यटन विकास के कई कार्य सम्मिलित हैं। इनमें 1.60 करोड़ रुपये से कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माई मंदिर के पर्यटन विकास कार्य, 1.69 करोड़ रुपये से उरुवा स्थित चचाईराम मठ के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण शामिल है। सीएम के हाथों कैम्पियरगंज के बलुआ में प्राचीन शिव स्थल, सोनौरा खुर्द स्थित ठाकुरजी मंदिर, भैसला स्थित गौरीशंकर मंदिर, खजनी के भरोहिया में प्राचीन शिव स्थल, हरनही मार्ग स्थित जैश्वरनाथ मंदिर, सहजनवा के बनकटिया स्थित शिव मंदिर, खजनी के बेलघाट स्थित हनुमान मंदिर, पिपराइच के लखेसरा स्थित शिव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास भी होगा।

डा. आमोदकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular