10 साल ट्रेलर देखा, असली पिक्चर बाकी

भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई की वसूली करेंगे पीएम मोदी-केशव प्रसाद मौर्य

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि घमंडिया गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चाहे जितने हमले कर लें, किन्तु अब वह रुकने वाले नहीं हैं। देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है और परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई उनकी लड़ाई जारी रहेगी। वह सोमवार को जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी. दूर आरपी इंटर कॉलेज मनकापुर में भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इंडी गंठबंधन घोटाले बाजों का गठबंधन है। प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार को हटाने की बात करते हैं किन्तु इंडी गठबंधन के नेता भ्रष्टाचारियों को बचाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि जिसने भी देश को लूटा है, उसे अब लौटना ही पड़ेगा। यह मोदी की गारंटी है। कांग्रेस के प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी ने संसद में खड़े होकर कहा था कि हम दिल्ली से जब एक रुपया भेजते हैं, तो जनता के पास 15 पैसा पहुंचता है। 10 साल में मोदी जी ने विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं का 34 लाख करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा है। भाजपा नेता ने प्रश्न किया कि इस घमंडिया गठबंधन के काम क्या हैं? उन्होंने स्वयं जवाब देते हुए कहा कि देश को जितना हो सके, लूटो। हर दिन एक नया झूठ बोलो। मोदी को गाली दो। देश को बदनाम करो। हिंदू धर्म को गाली दो। जमकर घोटाले करो। जांच एजेंसियां जब नोटिस दें तो इग्नोर करो। कार्रवाई हो तो कोर्ट पहुंचो। कोर्ट भी फटकार लगाए तो विक्टिम कार्ड खेलो। देश के लोकतंत्र पर खतरा बताओ। जनता को गुमराह करो। सारे चोर इकट्ठे हो जाओ और जोर-जोर से बोलो, छाती पीट-पीट कर बोलो कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। उन्होंने कहा कि देखना, एक दिन इनकी टोली के सभी भ्रष्टाचारी या तो जेल में होंगे या बेल पर होंगे। मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई का 10 साल तक तो लोगों ने ‘ट्रेलर’ देखा है। आगामी चार जून के बाद लोग पूरी पिक्चर देखेंगे।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा, कभी कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्टाचारी पार्टी कहा करती थी। आज उसी के साथ खड़ी है। सपा के बारे में लोग कहते हैं कि ‘जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा गुंडा।’ सनातन धर्म और रामचरित मानस पर आपत्तिजनक बयान देने के बावजूद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर कोई कार्यवाही नहीं की। अब वह दुबारा प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। भाजपा नेता ने कहा कि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर निर्माण का सपना 500 साल बाद पूरा हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर उनके पास निमंत्रण गया किंतु भगवान श्रीराम की तरफ से भेजा गया निमंत्रण भी उन्होंने ठुकरा दिया। कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप सहित सांसद कीर्ति वर्धन सिंह, विधायक गण रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रेम नारायण पांडेय, एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, भाजपा नेता राकेश तिवारी, आशीष त्रिपाठी, दीपक अग्रवाल, अनुपम मिश्रा, राघवेंद्र ओझा पट्टू आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

error: Content is protected !!