Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहैलट अस्पताल में तीमारादारों ने मोबाइल चोर को पकड़ा, पिटाई कर पुलिस...

हैलट अस्पताल में तीमारादारों ने मोबाइल चोर को पकड़ा, पिटाई कर पुलिस को सौंपा

कानपुर (हि.स.)। हैलट अस्पताल में गुरुवार की सुबह एक महिला का मोबाइल चोरी करते हुए तीमारदारों ने एक चोर को पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद स्वरूपनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस चोर से पूछताछ कर रही है।

हैलट अस्पताल के गायनाकोलॉजिस्ट विभाग में बुधवार की रात को एक महिला भर्ती हुई थी। उसकी देखरेख के लिए परिवार की एक महिला भी साथ में थी। गुरुवार की सुबह उस महिला का मोबाइल डिस्चार्ज हो गया तो वह वार्ड में ही मोबाइल को चार्ज पर लगाकर मरीज के पास चली गई। इसी दौरान वहां एक चोर पहुंचा और मोबाइल सहित चार्जर लेकर जाने लगा तो वहां मौजूद अन्य तीमारदारों को आशंका हुई तो उससे पूछा कि ये मोबाइल कहां ले जा रहें हो, यह सुनते ही चोर भागने लगा।

तीमारदारों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। दौड़ाकर पकड़ने के बाद उसकी पिटाई करने लगे। शोर सुनकर जिस महिला का मोबाइल था वह भी पहुंची। चोर पकड़े जाने पर सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंचे और पकड़े गए चोर से पूछताछ करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस भी वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पूछताछ में चोर ने बताया कि उसका नाम विजय कुमार और पुराना नवाबगंज का रहने वाला है। इससे पूर्व भी उसने हैलट अस्पताल से बीते दो माह के अन्तराल में कई मोबाइल चोरी कर चुका है। पुलिस कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके अस्पताल में हुई अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जाएगा और पकड़े गए आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular