हाथरस कांड के विरोध में वाल्मीकि समाज ने घंटाघर पर किया हंगामा

मेरठ (हि. स.)। हाथरस कांड को लेकर जहां विरोधी राजनीतिक दल सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। वहीं भाजपा का मजबूत वोट बैंक माने जाने वाले वाल्मीकि समाज ने भी इस कांड को लेकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोगों ने घंटाघर पर हंगामा करते हुए इस कांड को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा माफी मांगे जाने की मांग की।
वाल्मीकि चेतना मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ढींगिया के साथ घंटाघर चौराहे पर जाम लगाते हुए वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की जानकारी मिलने पर आनन-फानन में कई थानों की फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान वाल्मीकि समाज के नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वाल्मीकि समाज के नेताओं ने आरोप लगाया क्योंकि आरोपी एक वर्ग विशेष से जुड़े हैं, इसलिए प्रदेश सरकार उन्हें बचाने का काम कर रही है।
 इस कांड में शुरू से लेकर अंत तक स्थानीय पुलिस और प्रशासन की भूमिका संदिग्ध रही है। वाल्मीकि समाज के नेताओं ने इस कांड को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा वाल्मीकि समाज के माफी मांगने की मांग उठाई। इसी के साथ पीड़ित परिवार को हाथरस में एक मकान, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ का मुआवजा और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में किए जाने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस संबंध में शासन को सूचित करने का आश्वासन देते हुए हंगामे को शांत किया।

error: Content is protected !!