Monday, September 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: समाजसेवी ने भरी चुनावी हुंकार, कानपुर-सागर हाइवे को सिक्स लेन कराने...

हमीरपुर: समाजसेवी ने भरी चुनावी हुंकार, कानपुर-सागर हाइवे को सिक्स लेन कराने को बनाया मुद्दा

-मौरंग खनन से नदियों को बचाने के लिए समाजसेवी एवं अधिवक्ता कर चुके हैं सत्याग्रह

-14 फीसदी ब्राह्मण मतदाताओं को साधने के लिए बीजेपी के गढ़ में कर रहे सेंधमारी

हमीरपुर (हि.स.)। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजसेवी भी सियासी पारी खेलने के लिए चुनावी महासमर में आकर बीजेपी और एसपी के वोट बैंक में सेंध लगा रहे है। समाजसेवी अधिवक्ता भी है जिन्होंने अखिलेश यादव की सरकार में अवैध मौरंग खनन के मामले को लेकर बड़ी लड़ाई लड़ी है। सीबीआई जांच में भी महिला आईएएस और एमएलसी समेत तमाम लोग भी चपेट में आए है। समाजसेवी जन अधिकार पार्टी से पहली बार चुनाव मैदान में है जो क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर लोगों से समर्थन मांग रहे है।

हमीरपुर शहर के विवेक नगर निवासी अधिवक्ता विजय द्विवेदी पिछले डेढ़ दशक से समाजसेवा कर रहे है। अखिलेश यादव की सरकार में हमीरपुर, जालौन, बांदा और फतेहपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौरंग के अवैध खनन के खेल पर शासन के बड़े अफसरों व नेताओं के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट की थी। जिसके बाद हाईकोर्ट ने अवैध खनन की जांच सीबीआई को दी थी। वर्ष 2016 में हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम ने कई बार हमीरपुर आकर अवैध खनन की जांच की थी।

सीबीआई ने अखिलेश यादव के एमएलसी रमेश मिश्रा, हमीरपुर की तत्कालीन डीएम बी.चन्द्रकला, खनिज अधिकारी मुईनुद्दीन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित, सत्यदेव दीक्षित, मौरंग कारोबारी रामऔतार व रिटायर्ड खनिज लिपिक रामआसरे समेत दर्जनों लोगों से पूछताछ की थी। सीबीआई ने महिला आईएएस व एमएलसी समेत कई लोगों के यहां छापेमारी की थी जिसमें एक मौरंग कारोबारी के यहां से भारी नकदी और गहने बरामद कर सीबीआई ने जब्त किए थे।

सीबीआई ने महिला आईएएस व एमएलसी समेत 14 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। इसी मामले में अखिलेश यादव की सरकार में रहे खनन मंत्री गायत्री प्रजापति भी सीबीआई के रडार पर आए थे। इस मामले को लेकर समाजसेवी विजय द्विवेदी सुर्खियों में आए और अब ये हमीरपुर सदर विधानसभा चुनाव में सियासी पारी खेलने के लिए चुनाव मैदान में आए है।

खूनी हाइवे को लेकर समाजसेवी कर चुके है सत्याग्रह

जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी विजय द्विवेदी कानपुर-सागर नेशनल हाइवे में आए दिन हो रहे हादसे को लेकर कई बार सड़क पर आ चुके है। उन्होंने इस हाइवे को खूनी हाइवे माना और इसे सिक्स लेन में तब्दील करने के लिए सत्याग्रह भी किया है। मौरंग के अवैध खनन और नदियों की जलधारा रोककर खनन के खेल पर भी इन्होंने विरोध करते हुए धरना प्रदर्शन भी किया है।

क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर समाजसेवी मांग रहे समर्थन

सदर सीट से चुनाव लड़ रहे विजय द्विवेदी क्षेत्र में दिन भर पसीना बहा रहे है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सुमेरपुर, मौदहा व कुरारा कस्बे में बस स्टैण्ड, टूटते पुल और सड़कों के अलावा रेफर सेंटर बने जिला अस्पताल को चुनावी मुद्दे बनाते हुए कहा कि दशकों से विभिन्न दलों से विधायक चुने गए लेकिन इन समस्याओं से जनता को निजात नहीं मिली। हमीरपुर रेलवे स्टेशन से वंचित है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular