Monday, May 25, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीय हमास-इजरायल युद्ध से पनपी नफरत, शिकागो में फिलिस्तीन मूल के छह वर्षीय...

 हमास-इजरायल युद्ध से पनपी नफरत, शिकागो में फिलिस्तीन मूल के छह वर्षीय बच्चे की हत्या

शिकागो(हि.स.)। पश्चिम मध्य अमेरिका की व्यापारिक और सांस्कृतिक राजधानी शिकागो में एक फिलिस्तीनी-अमेरिकी छह साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी मां हनान शाहीन (32) के साथ रहता था। हमलावर ने उसकी मां को भी घायल कर दिया। इसकी तात्कालिक वजह ‘इजरायल-हमास युद्ध से उत्पन्न हेट क्राइम’ बताई जा रही है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि संदिग्ध हत्यारोपित शिकागो के इलिनोइस का रहने वाला है। उसे पीड़ित के घर के पास गिरफ्तार कर लिया गया है। विल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा है कि अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं यह मामला हेट क्राइम से जुड़ा है या नहीं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपित ने मुस्लिम होने की वजह से मां-बेटे पर हमला किया।

शेरिफ कार्यालय के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मां और पुत्र घायल अवस्था में अपने घर पर मिले। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। बच्चे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि बच्चे के जिस्म पर चाकू से 26 बार वार किया गया। महिला के शरीर पर एक दर्जन से अधिक गहरे जख्म मिले हैं। उन पर भी चाकू से प्रहार किया गया। आरोपित ने हेट क्राइम के तहत घटना को अंजाम देने की बात कही है।

मुकुंद

RELATED ARTICLES

Most Popular