Friday, April 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुंदर भाटी गैंग के शार्प शूटर नागेश समेत चार कुख्यात बदमाश गिरफ्तार,...

सुंदर भाटी गैंग के शार्प शूटर नागेश समेत चार कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध असलहे बरामद

गाजियाबाद(हि.स.)। कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को नया बस अड्डा शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास से सुंदर भाटी गिरोह के शार्प शूटर नागेंद्र समेत चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध 4 पिस्टल, 2 तमंचे व अलग-अलग बोर के 79 कारतूस व 50 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) निपुण अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को नया बस अड्डा शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास से जेवर गौतमबुद्धनगर निवासी नागेंद्र और नागेश बिल्लोरी, शास्त्री नगर मेरठ निवासी आकाश त्यागी, निस्तौली टीला मोड़ निवासी राहुल जाटव तथा नितेश डागर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नागेश कुख्यात गैंग सुंदर भाटी गैंग का शार्प शूटर है और वर्तमान में सक्रिय बदमाश है। वह फरीदाबाद में कोर्ट के बाहर हुई एक हत्याकांड में भी शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरा आरोपी आकाश त्यागी हथियारों का सप्लायर है जबकि बाकी दो इनके साथी हैं जो अपराधों में लिप्त रहते हैं । उन्होंने बताया कि बदमाशों के कब्जे से जो हथियार बरामद हुए हैं वह इन्होंने मेरठ निवासी रईस मुल्ला व विनोद मुखिया के जरिए प्राप्त किए थे। उन्होंने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद निश्चित तौर पर अपराधों पर अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में यह चारों बदमाश किसी बड़े अपराध करने की फिराक में घूम रहे थे।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular