Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसीएम के स्वागत को लेकर रमणरेती के संत और प्रशासनिक अधिकारियों में...

सीएम के स्वागत को लेकर रमणरेती के संत और प्रशासनिक अधिकारियों में हुई झड़प

मथुरा(हि.स.)। महावन स्थित रसखान समाधि के दर्शन करने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार पहुंचे जहां उन्होंने विकास परिषद द्वारा जीर्णोद्धार किए गए स्थानों का अवलोकन किया। इससे पूर्व रमणरेती आश्रम के सामने ही हेलीपैड पर सीएम के स्वागत को खड़ी हथिनी और छात्र सहित संतों काे निराशा हाथ लगी। पुलिस प्रशासन ने प्रोटॉकॉल का हवाला देकर संतों को रोक दिया।

रसखान समाधि के समीप रमणरेती आश्रम के सामने ही हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पहुंचा। वही, रमणरेती आश्रम के संत और विद्यार्थी भी स्वागत करने के लिए खड़े हुए थे। रमणरेती आश्रम की हथिनी (राधा) स्वागत के लिए खड़ी की गई थी। हथिनी को देखते ही शासन-प्रशासन हरकत में आ गया। हथिनी को हटाने पर पुलिस एवं रमणरेती के संतों के बीच झड़प होने लगी। पुलिस ने पीले वस्त्रों में विद्यार्थियों को भी हटा दिया। इतना सब होने पर संत आक्रोशित होने लगे। संतों का कहना था कि हम योगी आदित्यनाथ महाराज का स्वागत करने के लिए खड़े हैं। पुलिस का कहना था कि ये कार्यक्रम प्रोटोकॉल में नहीं है। इन बातों पर काफी समय तक बहस चलती रही। सीओ रिफाइनरी धर्मेन्द्र चौहान और सीओ सदर प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह हमें यहां रोकने के लिए कोई आदेश नहीं मिला है। काफी बहस के बाद रमणरेती आश्रम के संत कार्ष्णि हरदेवानंद महाराज एवं कार्ष्णि नागेंद्र महाराज को योगी बाबा से रसखान समाधि स्थल पर मिलने के लिए भेजा गया।

मंगलवार शाम कार्ष्णि हरदेवानंद महाराज ने बताया कि स्वागत करने के लिए योगी जी ने अनुमति दे दी है, जिसमें केवल पांच संत ही मौजूद रहेंगे। कुछ समय बाद मुख्यमंत्री का काफिला रमणरेती आश्रम के सामने पहुंचा। वहां कार्ष्णि स्वरूपानंद महाराज, कार्ष्णि गोविंदा नंद महाराज, कार्ष्णि हरदेवानंद महाराज, कार्ष्णि दिव्यानंद महाराज, कार्ष्णि नागेंद्र महाराज ने सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत मोतियों की माला एवं रमणबिहारी की तस्वीर व प्रसाद भेंट किया। सीएम योगी आदित्यनाथ महाराज ने संतों से हालचाल पूछते हुए हेलीपैड की तरफ बढ़ते गए। कार्यक्रम में इस दौरान सांसद हेमा मालिनी, विधायक पूरन प्रकाश, मांट विधायक राजेश चौधरी, जिला पंचायत सदस्य सत्यपाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीषा पाराशर, नगर मंडल अध्यक्ष सुमित दीक्षित, नितेश अग्रवाल, दिनेश सरदार दीपक सभासद आदि लोग मौजूद रहे।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular