Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसिपाही को गोली मारने वाला मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

सिपाही को गोली मारने वाला मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

– 25 हजार का इनामी है हरियाणा निवासी अमित, साथी हुआ फरार

गाजियाबाद (हि.स.)। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस व एसपी ग्रामीण की स्पेशल टीम ने कुछ दिन पहले पुलिस पर हमला कर सिपाही को घायल करने वाला हरियाणा निवासी गौकश अमित राजपूत को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से वह घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका साथी फरार है। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण इरज राजा ने शनिवार को बताया कि थाना लोनी बॉर्डर पुलिस और एसओजी टीम लालबाग चौकी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते हुए दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे रुके नहीं, बल्कि भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख कर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाई, जिसमें एक गोली अमित राजपूत के पैर में लगी और वह नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि अमित कुख्यात अपराधी है। वह मूलरूप से भिवानी हरियाणा का रहने वाला है और गौ तस्करों के साथ मिलकर गोकशी करता है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल एक तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।

फरमान/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular