Saturday, September 12, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयसिंगापुर एयरलाइन्स के विमान में यात्री ने किया बम का दावा, वायु...

सिंगापुर एयरलाइन्स के विमान में यात्री ने किया बम का दावा, वायु सेना ने संभाली स्थिति

सिंगापुर (हि.स.)। सिंगापुर एयरलाइन्स की उड़ान के बीच एक यात्री ने अपने अपने बैग में बम होने का दावा कर दिया तो हड़कंप मच गया। सिंगापुर की वायु सेना ने दो लड़ाकू विमान भेज कर स्थिति संभाली। बम का फर्जी दावा करने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंगापुर एयरलाइंस ने सैनफ्रांसिस्को से सिंगापुर के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में विमान में सवार एक युवक ने विमान कर्मियों से विवाद करने के साथ दावा किया कि उसके पास मौजूद बैग में बम है। विमान कर्मियों ने आनन-फानन इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी, तो सेना को सक्रिय किया गया। सिंगापुर वायु सेना ने तुरंत दो एफ-16 लड़ाकू विमान सिंगापुर एयरलाइन्स के उक्त विमान की सुरक्षा के लिए भेजे। दोनों लड़ाकू विमानों ने सिंगापुर एयरलाइंस के विमान को सुरक्षित चांगी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारने में सफलता पाई।

सेना के रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और बम स्क्वायड के साथ हवाईअड्डा पुलिस की टीमों ने मौके पर बम की सूचना की जांच की। जांच में बम की धमकी को झूठा पाया गया। उसके बाद आरोपित को हवाई अड्डे पर मौजूद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सिंगापुर एयरलाइन्स की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मामले की प्रारंभिक जांच कर ली गयी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान में सवार एक पुरुष यात्री ने दावा किया था कि उसके बैग में बम है। इतना ही नहीं उसने क्रू मेंबर्स के साथ मारपीट भी की थी।

संजीव मिश्र/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular