Monday, May 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसरकार बनने पर उप्र में देंगे फ्री इलाज और शिक्षा : ओमप्रकाश...

सरकार बनने पर उप्र में देंगे फ्री इलाज और शिक्षा : ओमप्रकाश राजभर

– बलिया के धर्मापुर में सपा और सुभासपा के संयुक्त कार्यकर्ता महापंचायत को किया सम्बोधित

बलिया (हि. स.)। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बुधवार को फेफना विधानसभा क्षेत्र के धर्मापुर में अपनी पार्टी और सपा के संयुक्त कार्यकर्ता महापंचायत में भाजपा पर खूब बरसे। उन्होंने ऐलान किया कि दो महीने बाद अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनवा कर दम लूंगा। सरकार बनते ही एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू होगी।

कहा कि गठबंधन करने के बाद मैंने अखिलेश यादव से कहा था कि जब देश एक है और संविधान एक है तो शिक्षा भी एक समान होनी चाहिए, जिस पर उन्होंने हामी भर दी है। कहा कि सरकार बनने पर प्रदेश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करेंगे। जो पढ़ाई सरकारी स्कूल में वही कान्वेंट स्कूल में भी लागू होगी। बच्चों को स्कूल जाने के लिए साइकिल की भी व्यवस्था होगी। स्नातकोत्तर तक हर जाति के गरीब बेटे-बेटियों को मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था होगी।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक को गोरखपुर और दूसरे को गुजरात भेज दूंगा। बोले, पहले मैं सिर्फ पूर्वांचल में ही घूमता था। अब पूरे प्रदेश में जाता हूं। हर जगह हमें चाहने वाले लोग हैं। यह देख भाजपा में हाहाकार मचा हुआ है। अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दिन रात मेहनत करूंगा। अखिलेश यादव की सरकार बनने के छह महीने में जातिवार जनगणना होगी। गणना कराकर उन्हें उनका हक दिला कर रहूंगा। 69 हजार भर्ती में गरीबों का हक मारने वालों को जनता सबक सिखाएगी।

मंहगाई को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मंहगाई से निजात दिलाने के लिए भाजपा को हटाना होगा। कहा कि सरकार बनने पर टैक्स में बड़े पैमाने पर छूट देकर महंगाई से निजात दिलाएंगे। अंत में उन्होंने उपस्थित जनसमूह से नारा लगवाया कि अबकी बार फ्री इलाज वाली और फ्री शिक्षा वाली सरकार। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, पूर्व विधायक संग्राम सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, सुभासपा के प्रवक्ता सुनील सिंह, बंशीधर यादव, कौशल राय, बीरलाल यादव आदि थे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular