Saturday, September 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसरकार का बुलडोजर चलने से विपक्षी दलों को होती है पीड़ा: आदित्यनाथ

सरकार का बुलडोजर चलने से विपक्षी दलों को होती है पीड़ा: आदित्यनाथ

-भाजपा सरकार रामराज्य की परिकल्पना के साथ बढ़ रही आगे

बहराइच (हि.स.)। जन विश्वास यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जमकर बरसे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का जब माफियाओं के अवैध कमाई के खिलाफ बुलडोजर चलता है तो विपक्षी दलों में पीड़ा शुरू हो जाती है। भाजपा सरकार रामराज्य की परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रही है।

जिले के महसी विधानसभा क्षेत्र के रामपुरवा बाग में शुक्रवार को भाजपा की जन विश्वास यात्रा पहुंची। इसके कुछ देर बाद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ हेलीकाप्टर से पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री, प्रदेश मंत्री और विधायकों ने उनका फूल के मालाओं से स्वागत किया। दोपहर तीन बजकर 43 मिनट पर मुख्यमंत्री ने जनता के स्वागत से सभा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव और महर्षि बालार्क की तपोस्थली में निवास करने वाले सभी का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष के दौरान भाजपा ने जो विकास किया है, उसी का आशीर्वाद लेने के लिए जन विश्वास यात्रा निकाली गई है। आज के दिन पूरे प्रदेश में आयुष्मान योजना का 500 की संख्या में लोकार्पण और 250 की संख्या में शिलान्यास हुआ है। जबकि जिले मात्र 75 ही हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि एक हजार वर्ष पुराने विदेशी अक्रांता को महाराजा सुहेलदेव ने पराजित किया था। ऐसे में आक्रांता सैयद सालार गाजी और महाराजा सुहेलदेव मिलकर नहीं रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव, चाहलारी नरेश का स्मारक भाजपा सरकार बनवा रही है। इसके अलावा सरदार पटेल को सम्मान भाजपा ने दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफियाओं के विरुद्ध बुलडोजर चलता है तो विपक्षी पार्टियों को दर्द होता है। सुरक्षा में सेंध लगाने वाले, अपराध करने वाले लोग इनकी पहली पसंद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैने पांच साल में सेवा की है। दूसरी तरफ जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों के मकान पर बुलडोजर चलवाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर विकास के मामले में जा रहा है तो लोगों को परेशानी होना लाजमी है। लगभग 20 मिनट के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री ने सभा को विराम दिया।

मुख्यमंत्री ने सभा में लोगों से पूछा कि सभी लोग कोरोना रोधी टीका लगवा चुके हैं या नहीं। नहीं लगवाया है तो कोरोना से सुरक्षा के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, राज्य के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद बृज भूषण शरण सिंह, अक्षयवर लाल गोंड, विधायक सुरेश्वर सिंह, सुभाष त्रिपाठी, पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल, बलहा सरोज सोनकर, भाजपा उपाध्यक्ष पदम सेन चौधरी, जिला प्रभारी नीरज सिंह समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

राहुल

RELATED ARTICLES

Most Popular