भाजपा राजनीति को मिशन मानती है,राष्ट्रवाद और गरीबों का विकास सर्वोपरि
वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर मंगलवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी को एक ट्रस्ट बताते हुए कहा कि इस पार्टी का उद्देश्य राजनीति से लूटना और पैसे कमाना है।
मिर्जापुर में पार्टी की ओर से आयोजित पिछड़ा सम्मेलन में शामिल होने के बाद वाराणसी में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि जब हाथ में सत्ता थी तब गुंडागर्दी,जातिवाद,भ्रष्टाचार करते थे। दो सौ करोड़ रुपए के मकान में रहने वाले पार्टी के लोग राज्य को लूट कर खुद की संपत्ति बनाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए राजनीति व्यापार है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति एक मिशन है । हमारे पार्टी का एक गौरवशाली इतिहास है। हमारी पार्टी के किसी भी बड़े नेता का मकान दिल्ली में नहीं है। पार्टी राष्ट्रवाद की चिंता करती है। पार्टी के लिए गरीबों का विकास सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब सरकार बनाती हैं तो गरीबों का पक्का मकान बनवाती हैं। आयुष्मान कार्ड , बिजली का कनेक्शन देते हैं, शौचालय बनवाते हैं और जनता का बीमा करते हैं। राज्य में जब बेटी पैदा होती है तो उसके जन्म से लेकर शादी तक चिंता करते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में कानून का राज है और इसी वजह से प्रदेश में निवेश बढ़ा है। निवेश के कारण उद्योग बढ़ रहा है।
श्रीधर
