शाहजहांपुर (हि.स.)। जनपद में भाजपा समर्थक की तहरीर पर पुलिस ने सपा प्रत्याशी व उनके दो बेटों समेत सात लोगों को नामजद करते हुए 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ निगोही थाने पर हत्या का प्रयास करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
थाना तिलहर के गांव बरेंचा निवासी भाजपा समर्थक आकाश तिवारी का कहना है कि, सोमवार की शाम तिलहर विधान सभा क्षेत्र में ईशापुर गांव के पास विधायक एवं सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा उनके पुत्र सचिन, मनोज एवं राम अवतार, पवन वर्मा, प्रभु सिंह कुशवाह, राजपाल समेत 60 अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ मारपीट, गाली गलौज की गई तथा ने जान से मारने की नीयत आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई। यही नहीं आरोपी उनके साथ मौजूद कुछ लोगों का अपहरण भी कर ले गए। भीड़ इकट्ठा होने और जैसे तैसे उनकी जान बच सकी।
गौरतलब हो कि, तिलहर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा के समर्थकों ने सपा प्रत्याशी पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए निगोही थाने के सामने हंगामा किया था। भीड़ खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। यही नहीं भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा भी बीती रात थाने पहुंची और निगोही थानाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया पर सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा से रुपए लेने का भी आरोप लगाते हुए थाने पर डटी रही। मामला की गंभीर देखते हुए देर रात एसपी एस आनंद ने मौके पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और थानाध्यक्ष निगोही दिलीप कुमार भदौरिया को लाइन हाजिर कर दिया था।दूसरी तरफ पुलिस ने देर रात आकाश तिवारी की तहरीर पर सपा प्रत्याशी रोशनलाल आदि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने फर्जी मतदान के आरोप को नाकारा हुए बताया कि सपा प्रत्याशी व उनके समर्थको पर मारपीट व कुछ लोगो को उठा ले जाने के आरोप लगे है। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अमित
