सपा नेताओं ने मेधावियों के घर जाकर भेंट किया लैपटॉप, दी शुभकामनाएं

प्रयागराज। जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को सपा जिलाध्यक्ष योगेश यादव, एमएलसी बासुदेव यादव एवं रामबृक्ष यादव ने बुधवार को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मेधावियों और उनके माता पिता को शुभकामनाएं दी। 
 एमएलसी बासुदेव यादव ने इस मौके पर कहा कि समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकारों में प्रदेश में शिक्षा और रोजगार के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए जो अन्य प्रदेशों के लिए नजीर बन गए हैं। पिछली सरकार में छात्र-छात्राओं को 18 लाख लैपटॉप देकर कीर्तिमान स्थापित किया गया है। सपा जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मेधावियों और उनके माता पिता, गुरुजनों को शुभकामना देते हुए बधाई दी और कहा कि आगे भी इसी तरह से जनपद का नाम रोशन करे। 

सपा के जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश भर में मेधावियों को लैपटॉप दिया जा रहा है। प्रयागराज जिले में कुल सात छात्र-छात्राओं को चिन्हित किया गया है। इसी क्रम में आज यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में आठवां और जिले में पहला स्थान पाने वाले बहादुरपुर ब्लाक के ग्राम मुरादपट्टी के नमन यादव पुत्र करतार सिंह एवं बजहा के मेधावी छात्र मुकेश कुमार पुत्र रामलाल को उनके घर जाकर लैपटॉप भेंट किया गया। 
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह, डॉ मानसिंह यादव, जिला महासचिव संदीप सिंह पटेल, उपाध्यक्षगण राम सुमेर पाल, अनिल कुमार यादव, महावीर यादव, डॉ एसपी सिंह पटेल, दूधनाथ पटेल, आरएन यादव, राकेश सिंह, अचल यादव आदि मौजूद रहे। 

error: Content is protected !!